किशनगंज : शहीद अशफाक उल्लाह खां स्टेडियम में प्रभारी मंत्री शैलेश कुमार ने फहराया तिरंगा

किशनगंज, 15 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को शहीद अशफाक उल्लाह खां खगड़ा स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में ऊर्जा मंत्री-सह-किशनगंज जिले के प्रभारी मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने सलामी गारद का निरीक्षण किया। राष्ट्रगान के साथ पूरा समारोह देशभक्ति के रंग में सराबोर रहा।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने किशनगंज के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी साझा करते हुए युवाओं से राष्ट्रीय हित में सक्रिय योगदान देने तथा ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मियों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। जिले के तीन शीर्ष गैर-कॉरपोरेट करदाताओं मेसर्स अहमद मोटर्स एलएलपी, मेसर्स जेडी मोटर्स और मेसर्स आलम एंटरप्राइजेज ईसी एंड ब्रदर्स को ‘भामाशाह सम्मान’ प्रदान किया गया।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए सीएचओ राकेश बर्मन और एएनएम प्रियंका कुमारी को ‘डॉ. रफत हुसैन मेमोरियल अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। वहीं टीबी मुक्त भारत अभियान में उत्कृष्ट योगदान के लिए नंदकिशोर राजा, चंचल कुमारी तथा रेड क्रॉस सोसाइटी, किशनगंज को सम्मानित किया गया। रेड क्रॉस द्वारा अभियान के तहत 200 टीबी मरीजों को फूड बास्केट उपलब्ध कराया गया था।
नियमित टीकाकरण में जिले की उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार, सुदूर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए टेढ़ागाछ सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार तथा स्वास्थ्य कार्यक्रमों में बेहतर उपलब्धि के लिए पोठिया के प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक बसंत कुमार को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
राजस्व कार्य, विशेषकर अभियान बसेरा-2 में उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए ठाकुरगंज के अंचलाधिकारी मृत्युंजय कुमार को भी सम्मानित किया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में भी मेधावियों का सम्मान किया गया। मैट्रिक परीक्षा-2026 में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली रूही नाज तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली राजमी बेगम को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान किया गया। इंटरमीडिएट कला संकाय में गायत्री कुमारी एवं नजमीन प्रवीण, वाणिज्य संकाय में रौनक परवीन एवं मोहम्मद शरेयर आलम तथा विज्ञान संकाय में मोहम्मद नौनिहाल एवं मोहम्मद शम्स तबरेज को उनके प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
खेल के क्षेत्र में अंडर-17 फुटबॉल टीम के ग्रुप कैप्टन डब्लू रैन को राज्य स्तरीय सुब्रतो कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा देव ज्योतिष शाह को वॉलीबॉल में बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। भारत स्काउट एंड गाइड में उत्कृष्ट कार्य के लिए देवाशीष चटर्जी, प्रदीप कुमार साह, मुरसलीन आलम और अभिषेक कुमार को प्रशस्ति पत्र दिया गया।
सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले गुड सेमेरिटन शमीम अशरफ, बाबर अली और सुनील हेंब्रम को भी सम्मानित किया गया। परेड के बेहतर संचालन के लिए प्रथम परेड कमांडर सार्जेंट मेजर अमित कुमार एवं द्वितीय परेड कमांडर सार्जेंट अभिषेक कुमार को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान किया गया।
परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बीएसएफ बटालियन किशनगंज के प्लाटून कमांडर एसआई गणेश कुमार को प्रथम, डीएपी महिला प्लाटून की सार्जेंट श्वेता कुमारी को द्वितीय और डीएपी पुरुष प्लाटून के सार्जेंट रत्नेश कुमार गिरी को तृतीय पुरस्कार मिला। स्काउट एंड गाइड महिला किशनगंज की प्लाटून कमांडर गुणगुण कुमारी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
समारोह के दौरान जिले के पांच भूमिहीन लाभुकों को वासगीत पर्चा भी वितरित किया गया। वहीं रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए रेड क्रॉस सोसाइटी से जुड़े कोमल जैन, बलराम ठाकुर और अमनदीप सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में सांसद किशनगंज, विधायक किशनगंज, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला परिषद अध्यक्ष सहित जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित रहे। समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वालों के सम्मान से पूरे परिसर में उत्साह और गौरव का माहौल बना रहा।
समारोह का संचालन उद्घोषक राम प्यारे कुमार एवं फिजा अंजुम ने किया।



