पटना में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ ‘लेट्स इंस्पायर बिहार लिटरेचर फेस्टिवल 2026

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/राजधानी पटना के ऐतिहासिक विद्यापति भवन में रविवार को लेट्स इंस्पायर बिहार लिटरेचर फेस्टिवल 2026 का भव्य और सफल आयोजन किया गया। सुबह 10:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक चले इस साहित्यिक महोत्सव ने बिहार ही नहीं, बल्कि देशभर से आए साहित्यप्रेमियों, लेखकों, कवियों, बुद्धिजीवियों और युवाओं को एक साझा मंच पर जोड़ा।
कार्यक्रम का उद्घाटन सत्र सुबह 11 बजे से 12:30 बजे तक गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसकी अध्यक्षता बिहार सरकार के कला, संस्कृति, युवा एवं पर्यटन मंत्री माननीय श्री अरुण शंकर प्रसाद ने मुख्य अतिथि के रूप में की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “साहित्य किसी भी समाज की आत्मा होता है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने और विचारशील समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”
इस अवसर पर कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे, जिनमें छपरा विश्वविद्यालय के कुलपति श्री परमेंद्र वाजपेयी, हंस पत्रिका की एमडी श्रीमती रचना यादव, राज्य कर विभाग के उप आयुक्त एवं प्रख्यात कवि श्री समीर परिमल, विंग कमांडर (सेवानिवृत्त) उमेंद्र कुमार त्रिपाठी, TEDx वक्ता, लेखिका एवं टुडे मैगजीन की वरिष्ठ संपादक श्रीमती ज्योति झा, उद्यमी एवं सामाजिक सुधारक श्री अनिल झा, लेखक व राजनेता श्री मृत्युंजय शर्मा, द पीपल स्टेज की संस्थापक श्रीमती प्रियंका झा, LIB लिटरेरी मुंबई की मुख्य समन्वयक श्रीमती पल्लवी रानी, कवयित्री-लेखिका श्रीमती राधा शैलेंद्र तथा आर्केड बिज़नेस कॉलेज, पटना के संस्थापक-निदेशक श्री आशीष आदर्श प्रमुख रूप से शामिल रहे।
लेट्स इंस्पायर बिहार के संरक्षक श्री विकास वैभव, आईपीएस (2003 बैच), आईजी, बिहार सरकार ने संदेश के माध्यम से आयोजन की सराहना करते हुए इसे विकसित भारत 2047 की दिशा में एक बौद्धिक पहल बताया। कार्यक्रम की संयोजक ज्योति झा ने कहा कि बिहार में बदलावके लिए यह कार्यक्रम समर्पित है।
दिनभर चले इस साहित्य महोत्सव में समकालीन साहित्य पर पैनल चर्चाएं, पुस्तक विमोचन, कविता पाठ, लेखक-पाठक संवाद, युवा एवं छात्र सहभागिता सत्र तथा साहित्य से प्रेरित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। विभिन्न सत्रों में वक्ताओं ने साहित्य की सामाजिक भूमिका, बदलते समय में लेखन की जिम्मेदारी और युवाओं में पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, शोधार्थी, शिक्षक, साहित्यकार और आम नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन का समन्वय लेट्स इंस्पायर बिहार की साहित्यिक टीम द्वारा किया गया, जिसने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित और प्रभावशाली रूप दिया।
समापन सत्र में आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लेट्स इंस्पायर बिहार लिटरेचर फेस्टिवल आने वाले वर्षों में साहित्यिक विमर्श का एक सशक्त मंच बनकर उभरेगा।
यह आयोजन न सिर्फ एक साहित्यिक उत्सव रहा, बल्कि विचार, संवाद और सांस्कृतिक चेतना का उत्सव बनकर पटना की साहित्यिक विरासत में एक नई कड़ी जोड़ गया। इस आशयकी जानकारी अभियान के नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर अनूप नारायण सिंह ने दी



