किशनगंज : गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के तहत श्रमदान व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

किशनगंज,25मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, गंगा स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के तहत बुधवार को नगर परिषद क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला समाहरणालय परिसर एवं देव घाट तट पर श्रमदान, जल अर्पण, पोस्टर विमोचन और शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन 16 से 31 मार्च तक चल रहे गंगा स्वच्छता पखवाड़ा एवं 8 से 22 मार्च तक आयोजित जल महोत्सव के तहत जिलाधिकारी-सह-अध्यक्ष जिला गंगा समिति के निर्देश पर किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा एवं उसकी सहायक नदियों की अविरलता और निर्मलता बनाए रखना तथा सामुदायिक जल प्रबंधन को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर समाहर्ता अमरेंद्र कुमार पंकज उपस्थित रहे। उनके साथ अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, वरीय उप समाहर्ता सुनीता कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह, जिला परियोजना पदाधिकारी जिला गंगा समिति मंसूर आलम तथा स्वच्छता पदाधिकारी स्वरूपम राज सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान सफाई कर्मियों, स्काउट एंड गाइड के स्वयंसेवकों, युवा मंडल के सदस्यों और विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने सामूहिक श्रमदान कर जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया और जल संरक्षण का संदेश दिया।
जिला गंगा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी को बढ़ावा देना तथा समुदायों को स्थानीय जल संसाधनों के संरक्षण और प्रबंधन के लिए प्रेरित करना है। “गांव का उत्सव, देश का महोत्सव” नारे के साथ चलाया जा रहा यह अभियान “सुजल ग्राम” की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
कार्यक्रम में युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की गई, जिससे गंगा एवं सहायक नदियों की स्वच्छता के प्रति व्यापक जनजागरूकता पैदा हो सके।
जिला प्रशासन ने बताया कि यह पहल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गंगा स्वच्छता संबंधी संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में प्रभावी प्रयास है।



