किशनगंज की बेटी सुरभी सुंदरम को मिला ‘Ms. Beautiful Smile’ का खिताब
ज्वेल ऑफ साउथ 2026 प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, टैलेंट राउंड में गायन की भी हुई सराहना
किशनगंज, 14 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, शहर के रूईधासा निवासी साकेत कुमार सिन्हा की बेटी सुरभी सुंदरम ने राष्ट्रीय स्तर की सौंदर्य एवं प्रतिभा प्रतियोगिता में किशनगंज का नाम रोशन किया है। बेंगलुरु में नारी फर्स्ट की ओर से आयोजित चार दिवसीय ‘Jewel of South 2026’ प्रतियोगिता में सुरभी को आधिकारिक रूप से ‘Ms. Beautiful Smile’ के सब-टाइटल से सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का आयोजन 5 से 8 सितंबर 2026 तक किया गया। बेंगलुरु स्थित The Chancery Pavilion में आयोजित ग्रैंड फिनाले के दौरान जूरी सदस्यों और मेंटर्स ने सुरभी के आत्मविश्वास, ग्रेस और आकर्षक मुस्कान की सराहना करते हुए उन्हें ‘Ms. Beautiful Smile’ का खिताब प्रदान किया।
प्रतियोगिता में मुख्य कैटेगरी के अलावा सुरभी ने टैलेंट राउंड में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने म्यूजिक और सिंगिंग के माध्यम से अपनी कला प्रस्तुत की, जिसे जूरी एवं दर्शकों ने खूब सराहा। खास तौर पर सेलिब्रिटी जज सुधा चंद्रन ने भी उनके प्रदर्शन की प्रशंसा की।
सुरभी की इस उपलब्धि से उनके परिवार और शहर में खुशी का माहौल है। परिजनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सुरभी ने अपनी मेहनत, आत्मविश्वास और प्रतिभा के दम पर प्रतियोगिता में पहचान बनाई है।
परिजनों का कहना है कि किशनगंज जैसे सीमावर्ती जिले से निकलकर राष्ट्रीय स्तर के मंच पर सुरभी का प्रदर्शन स्थानीय युवाओं और खासकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा को अवसर और सही मार्गदर्शन मिले तो छोटे शहरों की बेटियां भी बड़े मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।


