District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य

किशनगंज : परिवार नियोजन से सिर्फ परिवार नहीं, अगली पीढ़ी का भविष्य भी तय होता है

मिशन परिवार विकास अभियान के तहत परिवार नियोजन मेले का आयोजन, इच्छुक दंपतियों को दी गई साधनों और सेवाओं की जानकारी

किशनगंज, 14 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में मिशन परिवार विकास अभियान 2026 के तहत परिवार नियोजन को लेकर जागरूकता एवं सेवा गतिविधियों को गति दी जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को सिविल सर्जन कार्यालय परिसर में परिवार नियोजन मेला आयोजित किया गया। सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान परिवार नियोजन के अस्थायी एवं स्थायी साधनों, उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और परामर्श की जानकारी लोगों को दी गई।

मौके पर आयोजित मीडिया ब्रीफिंग में सिविल सर्जन ने कहा कि प्रत्येक दंपती को अपनी जरूरत और परिस्थितियों के अनुसार परिवार नियोजन का निर्णय लेने के लिए सही जानकारी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल प्रचार-प्रसार तक सीमित नहीं है, बल्कि इच्छुक दंपतियों को वास्तविक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना है।

जिले में 7 से 26 सितंबर तक मिशन परिवार विकास अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 7 से 13 सितंबर तक दंपती संपर्क सप्ताह तथा 14 से 26 सितंबर तक परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। अभियान के दौरान बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतराल के महत्व पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, उचित अंतराल से मां को स्वास्थ्य संभालने का पर्याप्त समय मिलता है, जबकि परिवार बच्चों के पोषण, टीकाकरण, स्वास्थ्य और शिक्षा पर बेहतर ध्यान दे सकता है।

गांव-गांव पहुंचेगा सारथी रथ

अभियान के तहत सारथी रथ को विभिन्न प्रखंडों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया है। यह रथ 7 से 25 सितंबर तक गांव-गांव पहुंचकर परिवार नियोजन के उपलब्ध साधनों, उचित अंतराल और स्वास्थ्य संस्थानों में मिलने वाली सेवाओं की जानकारी देगा। आशा कार्यकर्ताओं सहित अन्य सामुदायिक कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर संपर्क कर लोगों की झिझक और भ्रम दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि परिवार नियोजन को महिला स्वास्थ्य, सुरक्षित मातृत्व, बच्चों के बेहतर भविष्य और परिवार की आर्थिक स्थिरता से जोड़कर देखने की जरूरत है। कार्यक्रम में सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. अनवर हुसैन, एनसीडीओ डॉ. उर्मिला कुमारी, डीपीएम डॉ. मुनाजिम, डीपीसी विश्वजीत कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। अभियान में सिफार संस्था की भी भागीदारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button