District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : महिला संवाद कार्यक्रम बना प्रेरणा का मंच, स्वरोजगार और शिक्षा से बदल रही महिलाओं की तकदीर

किशनगंज,30 मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के विभिन्न प्रखंडों में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम महिलाओं के अनुभव साझा करने, उन्हें प्रेरित करने और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का सशक्त मंच बनकर उभर रहा है। पोठिया प्रखंड के मिर्जापुर पंचायत की झरना देवी ने कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनकी बहू ने बीपीएससी शिक्षक परीक्षा पास कर महिलाओं को दिए जा रहे 50% आरक्षण का लाभ उठाते हुए शिक्षक की नौकरी प्राप्त की है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई और सामाजिक प्रतिष्ठा में भी वृद्धि हुई।

झरना देवी स्वयं फूल जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं और समूह से ऋण लेकर स्वरोजगार कर रही हैं। उन्होंने बताया कि समूह की सहायता से वे अब घर चलाने में सक्षम हैं और परिवार को एक नई दिशा मिली है।

इसी क्रम में मिर्जापुर पंचायत की कृष्णा देवनाथ ने बताया कि उनकी बेटी को पोशाक योजना, छात्रवृत्ति, साइकिल योजना, मध्याह्न भोजन एवं मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना जैसी विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला, जिससे उसकी पढ़ाई निरंतर जारी रह सकी और वह अब उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही है।

ठाकुरगंज प्रखंड के कुकुरबाघी पंचायत की लता सिंह ने बताया कि वे तुलसी जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़कर बैंक सखी के रूप में कार्य कर रही हैं। इस कार्य से उन्होंने आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल की है और समाज में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि जीविका समूह से जुड़कर महिलाएं अब संगठित, जागरूक और सशक्त हो रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने बाल विवाह उन्मूलन, दहेज मुक्त विवाह, बच्चों की शिक्षा और सर्वांगीण विकास को लेकर सामूहिक रूप से शपथ ली। साथ ही स्वरोजगार को अपनाकर पारिवारिक आमदनी बढ़ाने की भी संकल्पना दोहराई।

कार्यक्रम में प्रेरणादायक वीडियो फिल्में दिखाई गईं और लीफलेट वितरित कर महिलाओं को सरकारी योजनाओं और महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।

महिला संवाद कार्यक्रम महिलाओं के लिए नवचेतना और आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर होने का सशक्त मंच बनता जा रहा है। इससे समाज में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व को नई ऊर्जा मिल रही है, जो सामाजिक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button