किशनगंज : प्रत्येक पंचायत में पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन, पशुपालकों को मिलेगा त्वरित लाभ
05 जनवरी 2026 से 10 जनवरी 2026 तक विभिन्न प्रखंडों में प्रस्तावित
किशनगंज,02जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, पशुपालकों को सुलभ एवं समयबद्ध पशु चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किशनगंज जिले के प्रत्येक प्रखंड में मोबाइल वेटरनरी यूनिट (एम.वी.यू.) के माध्यम से प्रत्येक कार्यदिवस चयनित ग्रामों में पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
यह शिविर संबंधित प्रखंड के भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा तैयार साप्ताहिक ग्राम सूची के अनुसार आयोजित किए जाते हैं। प्रत्येक दिन दो-दो ग्रामों में शिविर लगाकर पशुओं का उपचार, टीकाकरण एवं परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त पशुओं की आकस्मिक चिकित्सा सेवा के लिए टोल-फ्री नंबर 1962 जारी किया गया है, जिस पर कॉल कर पशुपालक त्वरित सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
जिला प्रशासन द्वारा सप्ताह 05 जनवरी 2026 से 10 जनवरी 2026 तक विभिन्न प्रखंडों में प्रस्तावित पशु चिकित्सा शिविरों की ग्रामवार सूची जारी की गई है, जिसके तहत पोठिया, दिघलबैंक, ठाकुरगंज, कोचाधामन, बहादुरगंज, टेढ़ागाछ एवं किशनगंज प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के ग्रामों को शामिल किया गया है।
गौर करे कि सूची अनुसार निर्धारित तिथियों पर संबंधित ग्रामों में शिविर आयोजित होंगे। जिला प्रशासन ने सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने ग्राम में आयोजित पशु चिकित्सा शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा पशुओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें।
यह पहल पशुधन संरक्षण के साथ-साथ पशुपालकों की आय में वृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



