किशनगंज : रामनवमी व चैती दुर्गा पूजा को लेकर जिले में सुरक्षा कड़ी, कई थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च व मॉक ड्रिल आयोजित

किशनगंज,25मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, रामनवमी एवं चैती दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च, एरिया डोमिनेशन एवं दंगा नियंत्रण मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2, मंगलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में संवेदनशील स्थलों पर फ्लैग मार्च एवं एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस बल ने विभिन्न इलाकों में भ्रमण कर आम लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा। साथ ही विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर सघन गश्ती एवं निगरानी बढ़ा दी गई है।
वहीं रामनवमी एवं चैती दुर्गा पूजा के मद्देनजर शहीद असफाकुल्लाह खान स्टेडियम, खगड़ा में दंगा नियंत्रण मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस बल को एंटी राइट गन, टियर गैस, वाटर कैनन सहित अन्य दंगा निरोधी उपकरणों के प्रयोग का अभ्यास कराया गया। साथ ही भीड़ नियंत्रण, आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई एवं आपसी समन्वय को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) के नेतृत्व में गढ़बंदा एवं पौआखाली थाना क्षेत्र के संवेदनशील स्थलों पर भी फ्लैग मार्च किया गया। पुलिस बल ने चौक-चौराहों, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
इसके अलावा पाठामारी एवं कोढ़ोबाड़ी थाना क्षेत्र में भी फ्लैग मार्च एवं एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया। बहादुरगंज पुलिस के नेतृत्व में एसएसबी के जवानों के साथ संयुक्त रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में गश्ती की गई। इस दौरान पुलिस एवं एसएसबी के जवानों ने विभिन्न बाजारों एवं चौक-चौराहों का निरीक्षण करते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने एवं शांति बनाए रखने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने एवं आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से लगातार फ्लैग मार्च, गश्ती एवं निगरानी अभियान जारी रहेगा। प्रशासन द्वारा संवेदनशील स्थलों पर विशेष नजर रखी जा रही है तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह तैयार रखा गया है।



