किशनगंज : केंद्रीय गृह मंत्री के संभावित दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण

किशनगंज,22फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के किशनगंज जिले में संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं तथा विभिन्न स्तरों पर तैयारियों की समीक्षा की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री 25 फरवरी को किशनगंज पहुंच सकते हैं, जहां एक महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। संभावित कार्यक्रम को देखते हुए रविवार को जिले के अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस क्रम में एसडीएम अनिकेत कुमार, एसडीपीओ वन गौतम कुमार, डीएसपी यातायात राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारियों की टीम खगड़ा हवाई अड्डा पहुंची और वहां सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने हवाई अड्डा परिसर, आगमन-प्रस्थान व्यवस्था तथा सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार हवाई अड्डा से कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले मार्ग पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। प्रस्तावित रूट पर प्रत्येक 100 मीटर की दूरी पर पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की योजना बनाई जा रही है। इसके अलावा पार्किंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन एवं आपातकालीन सेवाओं की भी समीक्षा की गई।
यह दौरा सुरक्षा दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि किशनगंज जिला नेपाल सीमा से सटा संवेदनशील क्षेत्र है तथा बांग्लादेश सीमा भी इसके निकट स्थित है। बिहार राज्य नेपाल के साथ 730 किलोमीटर से अधिक लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करता है, जिसमें ‘चिकन नेक कॉरिडोर’ जैसी रणनीतिक दृष्टि से अहम भौगोलिक स्थिति शामिल है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि केंद्रीय गृह मंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। दौरे को जिले के लिए कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


