किशनगंज : हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी से पोषण जागरूकता अभियान को मिलेगी गति

किशनगंज, 24 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत जिला प्रोग्राम कार्यालय, आईसीडीएस की ओर से गुरुवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। समाज कल्याण विभाग के निर्देश और जिलाधिकारी नवीन कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और बाल विकास के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने पर जोर दिया गया। इस वर्ष पोषण माह 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम के साथ मनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, जिला समन्वयक, जिला परियोजना सहायक, महिला पर्यवेक्षिकाएं, महिला एवं बाल विकास निगम के जिला मिशन समन्वयक सहित अन्य कर्मी शामिल हुए। अधिकारियों ने आंगनवाड़ी केंद्रों को पोषण जागरूकता का प्रमुख केंद्र बनाने और अभियान से अधिक से अधिक परिवारों को जोड़ने पर बल दिया।
कार्यक्रम में बताया गया कि सही पोषण केवल पर्याप्त भोजन तक सीमित नहीं है। संतुलित एवं विविध आहार, स्वच्छता, टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच और मातृ-शिशु स्वास्थ्य भी इसके महत्वपूर्ण हिस्से हैं। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करने का निर्देश दिया गया।
मां का पोषण, बच्चे का स्वस्थ भविष्य
पीएम मातृ वंदना योजना समेत अन्य सेवाओं की जानकारी परिवारों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों को उपलब्ध कराए जाने वाले गर्म एवं पोषक भोजन में विविध खाद्य पदार्थों को शामिल करने और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य सामग्री के उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने की बात कही गई।
‘सखी वार्ता’ में महिला सुरक्षा पर चर्चा
महिला एवं बाल विकास निगम के तहत ‘सखी वार्ता’ का भी आयोजन किया गया। इसमें महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, संरक्षण, सहायता और पुनर्वास से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। वन स्टॉप सेंटर और महिला हेल्पलाइन सहित उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
महिला पर्यवेक्षिकाओं को आंगनवाड़ी सेविकाओं, आशा, एएनएम, जनप्रतिनिधियों और समुदाय के साथ समन्वय बनाकर पोषण एवं महिला सुरक्षा संबंधी संदेश घर-घर पहुंचाने का निर्देश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों ने पोषण शपथ ली। ‘सही पोषण-देश रोशन’ के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


