किशनगंज : “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार” अभियान का शुभारंभ
किशनगंज से शुरू हुई महिलाओं के स्वास्थ्य सशक्तिकरण की नई पहल

महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ेगा परिवार और समाज का भविष्य
किशनगंज,17सितम्बर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, कहा जाता है कि जब नारी स्वस्थ होती है, तो परिवार मजबूत होता है और समाज भी प्रगति करता है। इसी सोच को साकार करते हुए बिहार सरकार द्वारा चलाए जा रहे “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार” अभियान की शुरुआत आज किशनगंज जिले में भव्य रूप से की गई। यह विशेष अभियान आगामी 2 अक्टूबर 2025 तक चलेगा।
इस अभियान के तहत किशोरियों और महिलाओं को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श, गंभीर बीमारियों की स्क्रीनिंग और HPV वैक्सीन जैसी आवश्यक सेवाएँ प्रदान की जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग का यह प्रयास महिलाओं को सशक्त करने और समाज के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल मानी जा रही है।
सदर अस्पताल प्रांगण से हुआ शुभारंभ, विधायक ने दी शुभकामनाएं
अभियान का विधिवत शुभारंभ सदर विधायक इजहारुल हसन द्वारा सदर अस्पताल परिसर में फीता काटकर किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा:ल कि “यह केवल एक स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि माताओं और बेटियों को जीवन भर सुरक्षित रखने का संकल्प है। जब बेटियाँ स्वस्थ होंगी तभी समाज की नींव भी मजबूत होगी।”
विधायक ने सभी परिवारों से अपील की कि वे अपनी माताओं, बहनों और बेटियों को इस अभियान से जोड़ें और उनके स्वास्थ्य की जिम्मेदारी को प्राथमिकता दें।
जिलाधिकारी की अपील: इसे योजना नहीं, जिम्मेदारी मानें
जिलाधिकारी विशाल राज ने अभियान को केवल सरकारी पहल न मानते हुए इसे “सामाजिक जिम्मेदारी” बताया। उन्होंने कहा कि “यह मिशन केवल एक विभाग का काम नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक की जिम्मेदारी है। हर व्यक्ति को चाहिए कि वह अपने आसपास की महिलाओं को जागरूक करे और इस अभियान से जोड़े।”
डीएम ने आशा, एएनएम और सीएचओ जैसी फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को अभियान की रीढ़ की हड्डी बताया और उनकी मेहनत की सराहना की।
महिलाओं को मिलेगा मुफ्त स्वास्थ्य परीक्षण और HPV टीकाकरण
अभियान के तहत महिलाओं व किशोरियों की कैंसर, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, एनीमिया और मानसिक स्वास्थ्य जैसी गंभीर बीमारियों की जांच की जाएगी। साथ ही 9 से 14 वर्ष की किशोरियों को HPV वैक्सीन निःशुल्क प्रदान की जाएगी, जिससे वे गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से सुरक्षित रह सकें।
सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार चौधरी ने कहा कि अब महिलाओं को अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। सरकार और स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी सुविधाएँ गांव-गांव तक पहुंचाई जा रही हैं।
अभियान बनेगा जनआंदोलन: उपाधीक्षक
सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. अनवर हुसैन ने बताया कि जिले भर में अस्पतालों, स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि “यह केवल स्वास्थ्य विभाग की पहल नहीं, समाज के हर नागरिक की भागीदारी से ही यह अभियान सफल होकर जनआंदोलन का रूप लेगा।”
उन्होंने सभी परिवारों से अपील की कि वे अपनी बेटियों और माताओं को इस अभियान से जोड़कर एक स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण में भागीदार बनें।