किशनगंज : जीआईएस बेस मैप व प्रॉपर्टी सर्वे कार्यों की डीएम ने की समीक्षा, समय सीमा में कार्य पूर्ण करने का निर्देश

किशनगंज,20फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के नगर निकायों में चल रहे जीआईएस बेस मैप एवं प्रॉपर्टी सर्वे से संबंधित कार्यों की समीक्षा जिलाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में की गई। बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार के निर्देशों के आलोक में संचालित सर्वे कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि सभी नगर निकायों में जीआईएस बेस मैप एवं प्रॉपर्टी सर्वे का कार्य चयनित एजेंसी के माध्यम से चरणबद्ध तरीके से कराया जा रहा है। यह कार्य एग्रीमेंट एवं स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) के अनुरूप संपादित किया जा रहा है।
समीक्षा के दौरान डीएम ने बहादुरगंज नगर पंचायत में किए जा रहे सर्वे से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। कार्य कर रही एजेंसी द्वारा जानकारी दी गई कि सर्वे कार्य कुल आठ चरणों में किया जा रहा है, जिसमें ठाकुरगंज एवं बहादुरगंज नगर पंचायत में दो चरणों का कार्य पूर्ण हो चुका है। दोनों नगर पंचायतों में सर्वे का कार्य 31 मार्च तक पूरा कर लिए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
पौआखाली नगर पंचायत की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि यहां तीन चरणों का कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा चौथे चरण का कार्य प्रगति पर है। यहां भी जीआईएस बेस मैप एवं प्रॉपर्टी सर्वे का कार्य 31 मार्च तक पूर्ण कर लेने की जानकारी दी गई।
इसके अलावा किशनगंज नगर परिषद क्षेत्र में भी जीआईएस बेस मैप एवं प्रॉपर्टी सर्वे का कार्य आठ चरणों में संपादित किए जाने की जानकारी अधिकारियों द्वारा दी गई।
जिलाधिकारी विशाल राज ने सभी संबंधित नगर निकायों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें तथा नियमित समीक्षा करते हुए प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराते रहें, ताकि कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।



