किशनगंज : धरती आबा से मिलेगी पहचान, किशनगंज ज़िले के गांवों में होगा विकास
15 जून से 30 जून तक चलेगा महा अभियान

किशनगंज,29मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत किशनगंज जिले में 15 जून से 30 जून 2025 तक एक विशेष महा अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिले के जनजातीय गांवों में बुनियादी संरचनात्मक सुविधाओं एवं सेवाओं का विस्तार किया जाएगा।
जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि इस महा अभियान के तहत जनजातीय गांवों में जमीनी स्तर पर विशेष कैम्पों का आयोजन किया जाएगा। इन कैम्पों में आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जाति व आवासीय प्रमाण-पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड, जनधन खाता, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ तथा टीकाकरण जैसी सेवाएँ प्रदान की जाएंगी।
उन्होंने यह भी बताया कि इन शिविरों में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे सेवा वितरण प्रभावी एवं व्यापक हो सके।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह ने जानकारी दी कि 2011 की जनगणना के अनुसार जिले में अनुसूचित जनजाति की आबादी 64,224 है। इसके आलोक में PVTG तथा अन्य जनजातीय गांवों की पहचान कर ली गई है। सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि तय समयसीमा के भीतर सभी सेवाओं का पूर्ण लाभ पात्र जनसमुदाय को मिल सके।