किशनगंज साइबर थाना की तत्परता से ठगी की राशि ₹43 हजार पीड़ित को वापस

किशनगंज,31जुलाई(के.स.)। जिला साइबर थाना की त्वरित कार्रवाई से अज्ञात साइबर अपराधियों द्वारा ठगी गई ₹43,000/- की राशि पीड़ित को वापस दिलाई गई।
जानकारी के अनुसार किशनगंज थाना क्षेत्र के गांधी चौक, वार्ड संख्या-14 निवासी शुभम जलान (उम्र 28 वर्ष, पिता मनीष जलान) के साथ 15 मार्च 2025 को साइबर ठगी की घटना घटी। अज्ञात अपराधियों ने उन्हें गूगल क्रोम पर एक लिंक भेजा, जिस पर क्लिक करने के बाद उनके खाते से कुल ₹43,000/- की धोखाधड़ी की गई।
घटना की सूचना मिलते ही किशनगंज साइबर थाना टीम ने तत्परता से तकनीकी अनुसंधान करते हुए कार्रवाई शुरू की। जांच के बाद ठगी की गई पूरी राशि पीड़ित को वापस दिलाई गई।
पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक, व्हाट्सऐप ग्रुप या टेलीग्राम चैनल से सतर्क रहें। नौकरी, इनाम या निवेश के नाम पर मांगी गई राशि को बिना जांच-परख के किसी को न भेजें। साइबर अपराध से जुड़ी किसी भी घटना की तत्काल सूचना टोल-फ्री नंबर 1930 पर या साइबर थाना/स्थानीय थाना में दें।