ताइक्वांडो और टीम खेलों में किशनगंज के बच्चों का शानदार प्रदर्शन, कई स्वर्ण पदक अपने नाम

किशनगंज,16अक्टूबर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के अंडर-17 आयु वर्ग के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी खिलाड़ियों ने उम्दा खेल कौशल का परिचय देते हुए कई स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए।ताइक्वांडो प्रतियोगिता में अंडर-17 श्रेणी के आशिफ, आरव, अनीश और खुशी ने अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रवेश सुनिश्चित किया। वहीं, आरुषि और अभिनव ने रजत पदक, जबकि फरहाद ने कांस्य पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन भी किशनगंज के खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की थी। उत्पल और पायल ने अपने वर्ग में स्वर्ण पदक जीते, जबकि जिज्ञासा, लक्ष्य और सदफ ने रजत तथा दिव्यांषा ने कांस्य पदक प्राप्त किया था।
टीम खेलों में भी दमदार प्रदर्शन
टीम खेलों में भी किशनगंज की अंडर-17 टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। खो-खो (U-17) वर्ग में किशनगंज की टीम ने पूर्णिया को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं वॉलीबॉल (U-17) प्रतियोगिता के फाइनल में किशनगंज की टीम को कड़ी टक्कर के बावजूद पूर्णिया से पराजय का सामना करना पड़ा और वे उपविजेता बनीं।
खिलाड़ियों को मिली बधाई
खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन पर जिला खेल विभाग, जिला प्रशासन, प्रशिक्षकों और अभिभावकों ने सभी विजेताओं को बधाई दी है। जिला खेल पदाधिकारी ने कहा कि, “किशनगंज के बच्चों की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और लगन से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।”
राज्य स्तर पर करेंगे प्रतिनिधित्व
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी अब बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिला प्रशासन ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे राज्य स्तर पर भी जिले का नाम रोशन करेंगे।