किशनगंज : राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर अभियान की शुरुआत, 11 लाख से अधिक बच्चों को दवा देने का लक्ष्य
बालिका उच्च विद्यालय से हुआ शुभारंभ, 30 मार्च को मॉप-अप दिवस

किशनगंज,25मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर बुधवार को जिले में व्यापक अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ बालिका उच्च विद्यालय, किशनगंज में सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी द्वारा बालिकाओं को कृमिनाशक दवा खिलाकर किया गया। इस दौरान बच्चों को दवा के महत्व एवं सेवन की सही विधि के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास को प्रभावित करता है। इससे कुपोषण, कमजोरी और पढ़ाई में पिछड़ने जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। उन्होंने बताया कि इस अभियान के माध्यम से बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त कर स्वस्थ जीवन प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।
डीसीएम सुमन सिन्हा ने बताया कि जिले में कुल 11,22,744 बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को दवा दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक बच्चों तक अभियान की पहुंच सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि मुख्य दिवस पर छूटे हुए बच्चों को दवा खिलाने के लिए 30 मार्च को मॉप-अप दिवस आयोजित किया जाएगा।
सिविल सर्जन ने बताया कि एल्बेंडाजोल दवा आयु के अनुसार दी जाती है। 1 से 2 वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली (200 मिलीग्राम) तथा 2 से 19 वर्ष तक के बच्चों को एक पूरी गोली (400 मिलीग्राम) दी जाती है। छोटे बच्चों को गोली पीसकर खिलाने तथा बड़े बच्चों को चबाकर या पानी के साथ निगलने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है और स्वास्थ्यकर्मियों, शिक्षकों एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं की देखरेख में ही दी जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. मुनाजिम उपस्थित रहे। वहीं जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों द्वारा भी विभिन्न विद्यालयों में जाकर बच्चों को दवा खिलाई गई।डीसीएम सुमन सिन्हा ने बहादुरगंज एवं दिघलबैंक प्रखंड में अभियान का निरीक्षण कर दवा वितरण एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक निर्देश दिए।
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने अभिभावकों एवं शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों को दवा अवश्य दिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा अभियान से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है और बच्चों को स्वस्थ भविष्य दिया जा सकता है।



