
किशनगंज,22फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए उत्पाद विभाग द्वारा लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पिछले दो दिनों के दौरान विशेष अभियान चलाते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने शराब पीने एवं शराब की तस्करी के आरोप में कुल 29 लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार एवं शनिवार की रात उत्पाद विभाग की टीम ने विभिन्न चेक पोस्टों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान रामपुर चेक पोस्ट, फरिंगगोला चेक पोस्ट समेत अन्य स्थानों पर विशेष जांच की गई। जांच के दौरान कई लोग बाइक से शराब पीकर पश्चिम बंगाल से किशनगंज शहर में प्रवेश करते हुए पकड़े गए।
अभियान का नेतृत्व उत्पाद निरीक्षक संगम कुमार विद्यार्थी कर रहे थे। गिरफ्तार सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
उत्पाद थानाध्यक्ष मनीष सक्सेना ने बताया कि शराब पीने और बेचने वालों के विरुद्ध विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। होली पर्व को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। बंगाल सीमा से शराब की तस्करी रोकने के उद्देश्य से जिले के सभी प्रमुख चेक पोस्टों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
उन्होंने बताया कि रामपुर, फरिंगगोला एवं गलगलिया चेक पोस्ट पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है और बिना जांच किसी भी वाहन को आगे नहीं बढ़ने दिया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



