
पलामू – हुसैनाबाद के कामगरपुर पुलिस पिकेट के भवन का निर्माण डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से शीघ्र कराया जाएगा। इस आशय की जानकारी हुसैनाबाद हरिहरगंज विधायक कमलेश कुमार सिंह ने विज्ञप्ति के मध्यम से कही। उन्होंने कहा कि अब कामगारपुर का पुलिस पिकेट स्थाई होगा। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि आज के समय में सुरक्षा सबसे आवश्यक है। उन्होंने कहा कि 2008 में उनके घर पर हुए उग्रवादी घटना के बाद सरकार ने कामगरपुर में पुलिस पिकेट की स्थापना की थी। पुलिस पिकेट की स्थापना के बाद से इस क्षेत्र में कोई बड़ी घटना नहीं हुई है। आगे भी शांति बहाल रहे इसके लिए जपला छतरपुर मुख्य पथ स्थित कामगरपुर में पिकेट के लिए उन्होंने कीमती जमीन दान करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पिकेट के पास पर्याप्त भवन नहीं रहने की वजह पुलिस कर्मियों के साथ साथ ग्रामीणों को भी दिक्कत होती है। कमलेश सिंह ने बताया कि कामगारपुर पुलिस पिकेट के निर्माण की निविदा निकल गई है। जल्द ही डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से पुलिस पिकेट भवन का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण हो जाने से पिकेट के पुलिस कर्मियों को काफी लाभ मिलेगा। भवन निर्माण की निविदा प्रकाशित होने से पुलिस कर्मियों व ग्रामीणों में खुशी है।



