ठाकुरगंज : कचरे के ढेर के बीचों बीच उप स्वास्थ्य केंद्र, कादोगांव

किशनगंज,07अगस्त(के.स.)। फरीद अहमद, स्वच्छता अभियान को धता बताते हुए, किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड की तातपौआ पंचायत के कादोगांव में स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र इन दिनों खुद ही गंदगी का शिकार है। यह स्वास्थ्य केंद्र सूखे, गीले और पॉलीथीन कचरे के ढेर के बीच चल रहा है, जिससे यहां आने वाले मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों दोनों के लिए खतरा पैदा हो गया है।जहाँ एक ओर देश भर में स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इस उप स्वास्थ्य केंद्र के परिसर में चारों तरफ गंदगी का अंबार लगा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लोग कचरा इसी अस्पताल परिसर में फेंकते हैं। इससे यह साफ जाहिर होता है कि न सिर्फ प्रशासन, बल्कि आम लोगों में भी स्वच्छता के प्रति उदासीनता है।
कचरे के ढेर से उठती बदबू और गंदगी, बीमारियों को न्योता दे रही है। इस माहौल में मरीजों का इलाज करना और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना बेहद चुनौतीपूर्ण है। ऐसे में यह सवाल खड़ा होता है कि जो केंद्र लोगों को स्वस्थ रखने के लिए बनाया गया है, वह खुद ही बीमारियों का गढ़ क्यों बन रहा है?
इस प्रकार की व्यवस्था जिम्मेदार लोगों की उदासीनता को दर्शाता है।