किशनगंज : विद्यार्थी सहयोग शिविर में छात्रों को पोर्टल की दी गई जानकारी

किशनगंज, 25 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, विकसित भारत समृद्ध बिहार अभियान के तहत मंगलवार को मारवाड़ी कॉलेज, किशनगंज में ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं छात्रावास से संबंधित समस्याओं का समाधान करना तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को प्रशासन तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने विद्यार्थियों को ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ निश्चय के तहत प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि विद्यार्थी अपनी शिकायत या परिवाद विद्यार्थी सहयोग पोर्टल sahyog.bihar.gov.in पर किसी भी समय ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त परिवादों का निष्पादन अधिकतम 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही आवेदक को कार्रवाई एवं निष्पादन की लिखित सूचना भी उपलब्ध कराई जाएगी। योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए विद्यार्थी टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1100 पर संपर्क कर सकते हैं।
शिविर के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों से पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करने और अपनी समस्याओं को ऑनलाइन दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस पहल से छात्रों की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित कॉलेज के सहायक प्राध्यापक कुमार साकेत, डॉ. अश्वनी कुमार, डॉ. मनारुल हक, डॉ. बिजॉयता दास, डॉ. उमाशंकर भारती, डॉ. पार्थ बागची, डॉ. इम्तियाज अली, डॉ. वीरेंद्र कुमार, डॉ. ए.के. पांडे, संतोष कुमार, डॉ. मदन कुमार मंडल, डॉ. राबिया परवीन एवं डॉ. सुनीता कुमारी मौजूद रहीं। शिक्षकेतर कर्मचारियों ने भी शिविर में सक्रिय सहभागिता निभाई।



