किशनगंजठाकुरगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

ठाकुरगंज हाईवे पर ओवरलोड ट्रकों का धड़ल्ले से परिचालन, नंबर प्लेट छिपाकर चल रहे वाहन

किशनगंज, 27 जुलाई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह/फ़रीद अहमद, ठाकुरगंज हाईवे पर ओवरलोड ईंट लदे ट्रकों के लगातार परिचालन को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। लोगों का आरोप है कि कई भारी वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं। वहीं, कुछ ट्रकों में नंबर प्लेट को इस प्रकार ढंककर या छिपाकर लगाया गया है कि वाहन का पंजीकरण नंबर स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देता, जिससे नियमों के पालन और जवाबदेही पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरलोड वाहनों के लगातार परिचालन से सड़कों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता और उसकी आयु प्रभावित होने की आशंका है। उनका यह भी कहना है कि यदि वाहनों का संचालन निर्धारित नियमों के विपरीत हो रहा है तो इससे सरकारी राजस्व को भी नुकसान पहुंच सकता है। बिना स्पष्ट नंबर प्लेट वाले वाहनों के संचालन से दुर्घटना अथवा किसी अन्य घटना की स्थिति में वाहन की पहचान करने में भी कठिनाई हो सकती है।

इस मामले में परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि ओवरलोड और बिना स्पष्ट नंबर प्लेट वाले वाहन खुलेआम हाईवे पर संचालित हो रहे हैं तो उनके विरुद्ध नियमित जांच और प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। उन्होंने संबंधित विभाग से अभियान चलाकर ऐसे वाहनों की जांच करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इधर, जनता दल (यू) के वरिष्ठ नेता अहमद हुसैन ने भी जिला प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि ओवरलोड वाहनों का परिचालन हो रहा है तो इससे सरकारी राजस्व को क्षति पहुंचने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से दोषी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

फिलहाल स्थानीय लोगों की नजर प्रशासन और परिवहन विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी है। लोगों का कहना है कि निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और यदि कहीं नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।

Related Articles

Back to top button