किशनगंज : तकनीकी विभागों की समीक्षा में डीएम सख्त, निर्माण योजनाएं समय पर पूरी करने के दिए निर्देश

किशनगंज, 28 जुलाई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी नवीन कुमार ने मंगलवार को समाहरणालय स्तिथ सभागार में तकनीकी विभागों की समीक्षात्मक बैठक कर जिले में संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में भवन निर्माण, ग्रामीण कार्य, पथ निर्माण, विद्युत, बुडको, नगर विकास, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की अद्यतन स्थिति पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि ठाकुरगंज अवर निबंधन कार्यालय परिसर में अवर निबंधक आवास का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। वहीं पोठिया एवं किशनगंज प्रखंड में बन रहे प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का ग्राउंड फ्लोर तैयार हो चुका है। डीएम ने निर्माण कार्य में तेजी लाकर समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
नगर परिषद क्षेत्र में खेल भवन के पीछे मुख्यमंत्री समग्र योजना के तहत विकसित किए जा रहे पार्क का कार्य प्राथमिकता के आधार पर चल रहा है। जिलाधिकारी ने इसे जल्द पूरा करने को कहा। स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन को पंचायत सरकार भवन, सामुदायिक भवन-सह-वर्कशेड एवं संयुक्त योजना भवन निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय और पेयजल की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण विभाग ने बताया कि रमजान नदी के सौंदर्यीकरण का कार्य प्रगति पर है। बाढ़ से निपटने के लिए जिले के 23 संवेदनशील स्थानों पर 71,500 सैंडबैग का भंडारण किया गया है।
विद्युत विभाग ने जानकारी दी कि ठाकुरगंज ट्रांसमिशन लाइन का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। डीएम ने इसे 15 अगस्त तक हर हाल में पूर्ण करने का निर्देश दिया। बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने बताया कि राज्य उच्च पथ संख्या-99 का निर्माण कार्य 87 प्रतिशत पूरा हो चुका है। वहीं बुडको ने बताया कि स्वीकृत 12 योजनाओं में पांच पूरी हो चुकी हैं और शेष कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
बैठक में अपर समाहर्ता, जिला योजना पदाधिकारी, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।


