ताजा खबर

*नालंदा छेड़खानी मामले में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने पीड़िता के परिजनों से की मुलाकात, दोषियों पर स्पीडी ट्रायल की मांग, गांव में रोजगार के लिए दिया 50,000 का आर्थिक मदद*

*दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करे प्रशासन, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की ना हो पुनरावृत्ति : राजू दानवीर*

 

सोनू कुमार/नालंदा जिला के नूरसराय थाना अंतर्गत ढीबरापर गांव में महिला के साथ हुई छेड़खानी की घटना को लेकर पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने गहरी चिंता जताई है। आज उन्होंने पीड़ित के घर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की और कहा कि इस प्रकार की घटनाएं न सिर्फ नालंदा बल्कि पूरे बिहार की छवि को धूमिल करती हैं और समाज में बढ़ती आपराधिक मानसिकता को उजागर करती हैं। सांसद ने पीड़िता एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और उन्हें ₹50,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि वे गांव में रहकर सम्मानजनक तरीके से रोजगार कर सकें, इसके लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

सांसद पप्पू यादव ने शासन और प्रशासन से मांग की कि दोषियों पर स्पीडी ट्रायल चलाकर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। दोषियों को हर हाल में फांसी मिले। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ बदसलूकी करने वाले अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वे अपनी घिनौनी हरकतों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने तक से नहीं डरते। यह स्थिति कानून-व्यवस्था के साथ-साथ समाज की संवेदनशीलता पर भी गंभीर प्रश्न खड़े करती है।

उन्होंने कहा कि सबसे दुखद पहलू यह है कि ऐसी घटनाओं में अपराधियों पर सवाल कम उठते हैं, जबकि पीड़िता के चरित्र पर उंगली उठाना एक सामान्य प्रवृत्ति बन गई है। उन्होंने समाज से सवाल किया कि आखिर महिलाओं को बदनाम करने का यह अधिकार किसने दिया? उन्होंने कहा कि जब भी कोई महिला स्कूल, कॉलेज, कोचिंग या कार्यस्थल जाती है, तो उस पर संदेह और नजरें उठाई जाती हैं, जो समाज की सोच में गहरी समस्या को दर्शाता है।

सांसद ने कहा कि आज समाज के सामने सबसे बड़ी चुनौती युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति भी है, जो अपराध की मानसिकता को बढ़ावा देती है। उन्होंने कहा कि स्मैक, नशीले पदार्थ और अन्य ड्रग्स का बढ़ता प्रचलन युवाओं को अपराध की ओर धकेल रहा है, जिसका खामियाजा महिलाओं और कमजोर वर्गों को भुगतना पड़ता है। उन्होंने समाज से अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारी समझें और महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

पप्पू यादव ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा की घटनाएं केवल कानून से नहीं रुकेंगी, बल्कि समाज को अपनी मानसिकता बदलनी होगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों के लिए बिहार में कोई जगह नहीं होनी चाहिए और हर नागरिक को इस दिशा में जागरूक होकर अपराध के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।

सांसद पप्पू यादव के साथ पीड़ित के घर पहुंचे समाजसेवी राजू दानवीर ने भी कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में निर्दोष लोगों को किसी भी परिस्थिति में नहीं फंसाया जाना चाहिए, लेकिन दोषियों को किसी कीमत पर बख्शा भी नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि समाज में सख्त संदेश जाए और भविष्य में कोई ऐसी घिनौनी हरकत करने की हिम्मत न कर सके। उन्होंने कहा कि न्याय और कानून का उद्देश्य पीड़ित को सम्मान और सुरक्षा दिलाना है, इसलिए प्रशासन को निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!