किशनगंज में सख्ती: बिना हेलमेट बाइक चलाने पर दारोगा व महिला सिपाही का कटा चालान

किशनगंज,11अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सड़क दुर्घटनाओं में लगातार हो रही मौतों को देखते हुए किशनगंज पुलिस ने यातायात नियमों के पालन को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शनिवार को एक पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) और महिला सिपाही का चालान काटा गया।
दरअसल, 10 अप्रैल को आयोजित अपराध गोष्ठी में एसपी संतोष कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि हेलमेट नहीं पहनने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा था कि नियमों के पालन में किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी, चाहे वह आम नागरिक हो, पुलिस कर्मी, मीडिया कर्मी या सरकारी कर्मचारी।
इसी निर्देश के अनुपालन में शनिवार को पुलिस उपाधीक्षक यातायात राजेश कुमार सिंह द्वारा वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान किशनगंज में पदस्थापित एक पुलिस अवर निरीक्षक और एक महिला सिपाही को बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाते हुए पाया गया, जिसके बाद दोनों का चालान काटा गया।
किशनगंज पुलिस ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा है कि अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी लोग मोटरसाइकिल चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हेलमेट नहीं पहनने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर सभी के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई की जाएगी तथा जुर्माना वसूला जाएगा।
पुलिस ने जागरूकता संदेश भी जारी करते हुए कहा –
“सिर की रक्षा करें, हेलमेट जरूर पहनें।”
“हेलमेट नहीं पहना, तो खतरा है गहरा।”
“सुरक्षा का पहला कदम, हेलमेट हर दम।”
“दुर्घटना से देर भली, हेलमेट पहनना है जरूरी।”
“एक छोटी सी लापरवाही, जिंदगी पर है भारी।”
“हेलमेट पहनिए, घर सुरक्षित लौटिए।”
किशनगंज पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।


