आईएएस अधिकारियों का सिगोड़ी हैंडलूम क्लस्टर का भ्रम

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पटना, 20 फरवरी 2026: विभिन्न राज्यों के राज्य लोक सेवा आयोग से प्रोन्नत होकर भारतीय प्रशासनिक सेवा में शामिल हुए आईएएस अधिकारियों ने आज पटना जिले के सिगोड़ी स्थित हैंडलूम क्लस्टर का एक्सपोज़र विज़िट किया। इस भ्रमण का उद्देश्य अधिकारियों को जमीनी स्तर पर औद्योगिक विकास योजनाओं के क्रियान्वयन से अवगत कराना था।
अधिकारियों को अंकित कुमार, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, पटना, तथा अमन ,क्लस्टर विकास कार्यकारी (CDE), सिगोड़ी द्वारा उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं हैंडलूम क्षेत्र को प्रदान की जा रही सहायता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रस्तुतीकरण में वित्तीय सहायता, विपणन समर्थन, कौशल उन्नयन, क्लस्टर विकास कार्यक्रम एवं आधारभूत संरचना समर्थन जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला गया।
भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने हैंडलूम की कार्यप्रणाली को निकट से देखा तथा बुनकरों से संवाद कर उनकी उत्पादन प्रक्रिया, चुनौतियों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर अधिकारियों ने अज़हर अंसारी, अध्यक्ष, प्राथमिक बुनकर सहयोग समिति, तथा उद्योग विस्तार पदाधिकारी शिवशंकर से भी संवाद किया और क्लस्टर के संचालन, बुनकरों की समस्याओं एवं विभागीय सहयोग के संबंध में विस्तृत चर्चा की।
अधिकारियों ने परंपरागत शिल्प के संरक्षण एवं स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में क्लस्टर आधारित विकास की महत्वपूर्ण भूमिका को सराहा। यह एक्सपोज़र विज़िट प्रशासनिक अधिकारियों के लिए जमीनी स्तर पर योजनाओं के प्रभाव को समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध हुआ।
