किशनगंजDistrict Adminstrationबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज में दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया के तहत सुनी गोद हुई रोशन, जिलाधिकारी ने दी शुभकामनाएं

किशनगंज,03 जून(के.स.)। मंगलवार को समाहरणालय स्थित विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में एक भावुक और हर्षोल्लास से भरा क्षण देखने को मिला, जब संस्थान में आवासित बालक सुरज को दत्तक ग्रहण प्रक्रिया के अंतर्गत कटिहार, बिहार निवासी दंपति सत्यम कुमार एवं भानुमति को पूर्व पालन-पोषण के लिए सौंपा गया।

इस प्रक्रिया की अध्यक्षता जिलाधिकारी विशाल राज ने की। उन्होंने दत्तक माता-पिता को शुभकामनाएं देते हुए बालक सुरज के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह न केवल एक दंपति के लिए सुखद क्षण है, बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणादायक है।

बालक सुरज को 26 दिसंबर 2024 को संस्थान में लाया गया था और महज 5 महीनों में ही उसे दत्तक पूर्व पालन-पोषण प्रक्रिया के तहत परिवार मिल गया। दत्तक दंपति ने बताया कि लगभग तीन वर्षों के लंबे इंतजार के बाद उनकी सूनी गोद भर गई है।

जिलाधिकारी ने इस प्रक्रिया को समयबद्ध और सफलतापूर्वक पूर्ण करने के लिए विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान एवं बाल संरक्षण इकाई को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और कई बेसहारा बच्चों के जीवन को नई दिशा मिलती है।

इस अवसर पर सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई रविशंकर तिवारी, संस्थान की समन्वयक डिम्पल कुमारी, बाल कल्याण समिति सदस्य रचना सुदर्शन, सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों के चेहरों पर खुशी और संतोष की झलक साफ दिखाई दे रही थी। यह पहल न केवल एक बच्चे के जीवन में बदलाव लाने वाली है, बल्कि समाज को भी स्नेह, अपनापन और जिम्मेदारी का संदेश देती है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!