बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने आज अपने कार्यालय कक्ष में माननीय सदस्यों के लिए वीरचंद पटेल पथ स्थित नवनिर्मित आवासीय परिसर के सबंध में खेल विभाग, भवन निर्माण विभाग, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं सभा सचिवालय के वरीय अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की।

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/इस बैठक में निम्न बिन्दुओं पर चर्चा की गयी :
1. नवनिर्मित विधायक आवासीय परिसर अथवा परिसर के आस-पास स्पोर्टस, स्वास्थ्य, पार्क, जिम, इत्यादि हेतु उपयुक्त स्थान चिन्हित करने के संबंध में।
2. बिहार विधान सभा के माननीय सदस्यों के उपयोगार्थ स्पोर्टस क्लब, स्पोर्टस ग्राउण्ड एवं अन्य खेलकूद संबंधित संरचना निर्माण के संबंध में ।
3. नवनिर्मित विधायक आवासीय परिसर, अथवा परिसर के समीप स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक संरचना यथा-हॉस्पीटल/स्वास्थ्य केन्द्र, जाँच घर, इत्यादि विकसित करने के संबंध में।
4. नवनिर्मित विधायक आवासीय परिसर में पर्यावरण एवं वनस्पत्ति संबंधी आवश्यक संरचना विकसित करने पर ।
इस बैठक में विचार-विमर्श के दौरान यह बात सामने आई कि दारोगा प्रसाद राय पथ में निर्माणाधीन विधायक हॉस्टल के समीप स्थान चिन्हित कर स्पोर्टस क्लब या इन्डोर गेम क्लब का निर्माण कराया जा सकता है। साथ ही विधायक हॉस्टल में जिम का निर्माण कराया जा सकता है। माननीय अध्यक्ष ने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अधिकारियों को नवनिर्मित विधायक आवासीय परिसर में क्रमबद्ध ढंग से नीम एवं पीपल आदि के पेड़ लगाने, डिवाइडरों पर पेड़–पौधे लगाने, दीवारों पर वर्टिकल गार्डेन विकसित करने एवं आवासों की छत पर गमलों में पौधे लगाने सहित पूरे परिसर में हरित पट्टी का विकास कराने का निदेश दिया। साथ ही उन्होंने पूरे आवासीय परिसर को हरा-भरा करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाकर काम शुरू करने का निदेश दिया। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री आनंद किशोर ने माननीय अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि इस संबंध में विस्तृत कार्ययोजना बनाकर शीघ्र कार्य आरंभ करा दिया जाएगा। उन्होंने आवासीय परिसर में स्वास्थ्य सुविधायें बहाल करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था करने हेतु निदेश दिया। माननीय अध्यक्ष ने संबंधित सभी विभागों को नवनिर्मित विधायक आवासीय परिसर के संबंध में एक नोडल पदाधिकारी नियुक्त करने का निदेश दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर उपयुक्त सुविधाएं विकसित करने हेतु सही स्थान के चयन का निदेश भी दिया।
इस बैठक में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री आनंद किशोर, खेल विभाग के सचिव श्री महेन्द्र कुमार, भवन निर्माण विभाग के मुख्य वास्तुविद श्री अनिल कुमार तथा स्वास्थ्य विभाग, भवन निर्माण विभाग, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, खेल विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारीगण एवं सभा सचिवालय की प्रभारी सचिव श्रीमती ख्याति सिंह सहित वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित रहे ।


