बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कल दिनांक–07–02–2026 को विधान सभा के सेंट्रल हॉल में आयोजित होने वाले व्याख्यान कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/इस कार्यक्रम में बिहार विधान मंडल के माननीय सदस्यों के लिए ” सशक्त विधायक-सशक्त लोकतंत्र” विषय पर माननीय लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला का व्याख्यान होना है। माननीय अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे तथा नेवा द्वारा संचालित डिजिटल हाउस का विधिवत उद्घाटन श्री ओम बिरला, माननीय अध्यक्ष, लोक सभा द्वारा किया जायेगा। श्री नीतीश कुमार, माननीय मुख्यमंत्री, बिहार इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे । श्री किरेन रिजीजू, माननीय संसदीय कार्य मंत्री, भारत सरकार एवं श्री हरिवंश, माननीय उप सभापति, राज्य सभा इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। राज्य के माननीय उपमुख्यमंत्री गण श्री सम्राट चौधरी एवं विजय कुमार सिन्हा, माननीय संसदीय कार्य मंत्री, बिहार श्री विजय कुमार चौधरी, माननीय नेता विरोधी दल श्री तेजस्वी प्रसाद यादव एवं माननीय उपाध्यक्ष, बिहार विधान सभा श्री नरेंद्र नारायण यादव की गरिमामय उपस्थिति भी इस कार्यक्रम में रहेगी। बिहार मंत्रिपरिषद् के सभी माननीय सदस्य, बिहार विधान सभा के सभी माननीय सदस्य एवं बिहार विधान परिषद् के सभी माननीय सदस्य तथा अन्य महानुभाव इस कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे ।
तैयारियों का जायजा लेने के बाद माननीय अध्यक्ष ने सभा सचिवालय के वरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभा सचिवालय द्वारा की गई तैयारी पर संतोष व्यक्त किया।


