District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज में आज से “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान” की शुरुआत

2 अक्टूबर तक चलेगा विशेष स्वास्थ्य महाअभियान, महिलाओं और किशोरियों को मिलेंगी मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएँ

किशनगंज,16सितंबर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बिहार सरकार द्वारा “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान” की आज से शुरुआत की गई है। यह विशेष स्वास्थ्य महाअभियान आगामी 02 अक्टूबर 2025 तक जिले भर में संचालित किया जाएगा।

डीएम की अध्यक्षता में समन्वय बैठक, तैयार हुई कार्ययोजना

अभियान की शुरुआत से पहले जिलाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में एक जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में अभियान के सफल संचालन को लेकर विभागीय कार्ययोजनाएँ साझा की गईं।

डीएम ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा, “यह अभियान केवल एक योजना नहीं, बल्कि समाज की आवश्यकता है। हमें इसे मिशन मोड में संचालित करना है ताकि जिले की हर महिला और किशोरी तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँच सकें।”

मुख्य बिंदु:

  • 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विशेष अभियान
  • HPV वैक्सीन, कैंसर व एनीमिया की जांच, पोषण और मानसिक स्वास्थ्य पर फोकस
  • जिला से गाँव तक मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएँ
  • प्रशिक्षित विशेषज्ञ डॉक्टरों की प्रतिनियुक्ति
  • आशा, एएनएम व शिक्षकों की सक्रिय भूमिका

HPV टीकाकरण पर विशेष जोर

अभियान के तहत HPV वैक्सीन को प्रमुखता दी गई है, जो गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव में कारगर है। इसे लेकर सीएचसी ठाकुरगंज में नोडल शिक्षकों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें छात्राओं और अभिभावकों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती से सेवाएँ होंगी सशक्त

सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों और रेफरल अस्पताल छतरगाछ में विशेषज्ञ डॉक्टरों की प्रतिनियुक्ति की गई है। ये चिकित्सक कैंसर, एनीमिया, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मानसिक स्वास्थ्य सहित मातृ और शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाएँ प्रदान करेंगे।

उन्होंने कहा कि “यह अभियान महिलाओं और किशोरियों के लिए जीवन बदलने वाला अवसर है।” इस दौरान सभी सेवाएँ निःशुल्क उपलब्ध होंगी।

आशा, एएनएम और CHO निभाएँगे अहम भूमिका

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आशा कार्यकर्ता, एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) और डॉक्टर इस अभियान की रीढ़ हैं। उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से ही यह अभियान सफल होगा।

डीपीएम बोले – बनेगा जनआंदोलन

डीपीएम डॉ. मुनाजिम ने बताया कि यह अभियान न केवल महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाएँ देगा, बल्कि परिवार और समाज में स्वास्थ्य जागरूकता का माहौल भी बनाएगा। उन्होंने कहा कि किशनगंज जिले में यह विशेष अभियान महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!