किशनगंज : मिशन परिवार विकास अभियान के तहत सदर अस्पताल में स्वास्थ्य मेला व मीडिया ब्रीफिंग आयोजित

किशनगंज,13मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा तथा जनसंख्या स्थिरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में मिशन परिवार विकास अभियान के तहत शुक्रवार को सदर अस्पताल, किशनगंज में स्वास्थ्य मेला एवं मीडिया ब्रीफिंग का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अभियान के उद्देश्य, उपलब्ध सेवाओं और जागरूकता गतिविधियों की जानकारी देते हुए मीडिया से सहयोग की अपील की, ताकि परिवार नियोजन से जुड़ी सही जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने फीता काटकर किया। इस दौरान सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अनवर हुसैन, सीडीओ डॉ. मंजर आलम, डीपीएम डॉ. मुनाजिम, डीपीसी विश्वजीत कुमार, डीडीए सुमन सिन्हा सहित सहयोगी संस्था पिरामल, पीएसआई इंडिया एवं सिफार के जिला प्रतिनिधि मौजूद रहे। स्वास्थ्य मेले में आए लोगों को परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों, सेवाओं और परामर्श के बारे में भी जानकारी दी गई।
06 से 20 मार्च तक चल रहा है अभियान
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में मिशन परिवार विकास अभियान 06 मार्च से 20 मार्च 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इसके तहत 23 फरवरी से 05 मार्च तक “दंपति संपर्क सप्ताह” मनाया गया, जिसमें आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्यकर्मियों ने घर-घर जाकर दंपत्तियों को परिवार नियोजन के विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी। वहीं 06 से 20 मार्च तक परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा चल रहा है, जिसके दौरान सभी स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार नियोजन सेवाएं, परामर्श और आवश्यक साधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इसके साथ ही जिले के विभिन्न प्रखंडों में जागरूकता कार्यक्रम और स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जा रहा है।
परिवार नियोजन से सुरक्षित होगा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य : सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि परिवार नियोजन केवल जनसंख्या नियंत्रण का विषय नहीं, बल्कि माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य से सीधे जुड़ा है। योजनाबद्ध परिवार से महिलाओं को गर्भधारण के बीच पर्याप्त अंतर मिलता है, जिससे उनका स्वास्थ्य बेहतर रहता है और नवजात शिशुओं की देखभाल भी बेहतर तरीके से हो पाती है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार नियोजन से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध हैं और दंपत्तियों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से इसका लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से ही सही और वैज्ञानिक जानकारी समाज के बड़े वर्ग तक पहुंचाई जा सकती है।
स्वास्थ्य मेले से बढ़ती है जागरूकता : उपाधीक्षक
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अनवर हुसैन ने कहा कि स्वास्थ्य मेला का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं और परिवार नियोजन विकल्पों की जानकारी उपलब्ध कराना है। ऐसे आयोजनों से आमजनों में जागरूकता बढ़ती है और वे स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति अधिक सजग होते हैं।
समुदाय स्तर पर जागरूकता जरूरी : सीडीओ
सीडीओ डॉ. मंजर आलम ने कहा कि परिवार नियोजन कार्यक्रम की सफलता के लिए समुदाय स्तर पर व्यापक जागरूकता जरूरी है। आशा, एएनएम और अन्य स्वास्थ्यकर्मी गांव-गांव जाकर लोगों को परिवार नियोजन के लाभों की जानकारी दे रहे हैं। सही जानकारी और सकारात्मक सोच से ही अभियान के उद्देश्य को प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, सहयोगी संस्थाओं और मीडिया के संयुक्त प्रयास से ही मिशन परिवार विकास अभियान को समाज में व्यापक रूप से सफल बनाया जा सकता है।


