धालभूमगढ़ एयरपोर्ट पर विधानसभा में गूंज, पूर्णिमा साहू ने सरकार से मांगा एक्शन,

जमशेदपुर: धालभूमगढ़ एयरपोर्ट निर्माण में हो रही देरी का मामला झारखंड विधानसभा में जोरदार तरीके से उठा। जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने गैर सरकारी संकल्प के तहत इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर राज्य सरकार से विशेष पहल और सक्रिय सहयोग की मांग की। सदन में पूछे गए सवाल के जवाब में प्रभारी मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने बताया कि भारत सरकार द्वारा उठाए गए 19 बिंदुओं का जवाब राज्य सरकार की ओर से केंद्र को भेज दिया गया है। इस पर विधायक पूर्णिमा साहू ने उन जवाबों की प्रति उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि किन बिंदुओं पर राज्य और केंद्र के बीच तालमेल में कमी रह गई है। उन्होंने कहा कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना राज्यहित और जनहित से जुड़ी हुई है, इसलिए झारखंड सरकार को इस दिशा में और गंभीर पहल करनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि केंद्र और राज्य के अधिकारियों की संयुक्त बैठक कराई जाए, जिससे निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को जल्द दूर किया जा सके।विधायक ने कहा कि इस एयरपोर्ट के बनने से कोल्हान क्षेत्र समेत आसपास के औद्योगिक इलाकों को बड़ा फायदा मिलेगा। झारखंड के जमशेदपुर और आदित्यपुर, पश्चिम बंगाल के पुरुलिया और खड़गपुर, तथा ओडिशा के बालासोर जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र इस प्रस्तावित एयरपोर्ट से 60 से 100 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं। ऐसे में एयरपोर्ट बनने से निवेश को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।पूर्णिमा साहू ने यह भी स्पष्ट किया कि एयरपोर्ट निर्माण से जुड़े किसी भी कार्य में उनकी जरूरत पड़ने पर वे हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार हैं। वहीं सरकार की ओर से आश्वासन दिया गया कि केंद्र को भेजे गए जवाब की प्रति एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध करा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जवाब मिलने के बाद वे इस मुद्दे को दोबारा सदन में प्रमुखता से उठाएंगी।

