सीमांत मुख्यालय सिलीगुड़ी में द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस हैंडबॉल क्लस्टर 2025-26 का भव्य समापन
महामहिम राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर बने समापन समारोह के साक्षी

किशनगंज/सिलीगुड़ी,23जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सशस्त्र सीमा बल (SSB) के तत्वावधान में सीमांत मुख्यालय, सिलीगुड़ी में आयोजित द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस हैंडबॉल क्लस्टर 2025-26 का भव्य समापन समारोह शुक्रवार को संपन्न हुआ। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता 19 से 23 जनवरी 2026 तक आयोजित की गई, जिसमें देशभर के केंद्रीय एवं राज्य पुलिस बलों के खिलाड़ियों ने सहभागिता की।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि महामहिम राज्यपाल, सिक्किम सरकार ओम प्रकाश माथुर रहे। इस अवसर पर संजय सिंघल, महानिदेशक, सशस्त्र सीमा बल, अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण मंडल के प्रतिनिधि, अरविन्द कुमार, विशेष निदेशक, आसूचना ब्यूरो, वंदन सक्सेना, महानिरीक्षक, सीमांत मुख्यालय सिलीगुड़ी, सशस्त्र सीमा बल के वरिष्ठ अधिकारी, बलकर्मी, आयोजन समिति के सदस्य, तकनीकी अधिकारी, खिलाड़ी, कोच, टीम मैनेजर एवं विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ। महानिदेशक, सशस्त्र सीमा बल ने स्वागत संबोधन में कहा कि यह प्रतियोगिता केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों एवं राज्य पुलिस संगठनों के बीच अनुशासन, सौहार्द, आपसी सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि आयोजन ने सशस्त्र सीमा बल की मूल भावना “सेवा, सुरक्षा एवं बंधुत्व” को भी प्रतिबिंबित किया।
प्रतियोगिता में कुल 1092 खिलाड़ियों (314 महिला एवं 778 पुरुष) तथा 198 सपोर्ट स्टाफ ने सहभागिता की। हैंडबॉल महिला वर्ग में सशस्त्र सीमा बल ने पंजाब पुलिस को पराजित कर खिताब जीता, जबकि पुरुष वर्ग में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने पंजाब पुलिस को हराकर विजेता बना।
बास्केटबॉल महिला वर्ग में केरल पुलिस ने सशस्त्र सीमा बल को पराजित किया, वहीं पुरुष वर्ग में उत्तर प्रदेश पुलिस ने केरल पुलिस को हराकर खिताबी जीत दर्ज की।
हैंडबॉल स्पर्धा में सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का पुरस्कार सशस्त्र सीमा बल की प्राची तथा सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी का सम्मान CISF के मंदीप को प्रदान किया गया। बास्केटबॉल में सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का सम्मान सशस्त्र सीमा बल की डोल्वी साहू और सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी का पुरस्कार उत्तर प्रदेश पुलिस के हर्ष डागर को मिला।
समापन समारोह के दौरान महामहिम राज्यपाल ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया और खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन एवं खेल भावना की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल होना उनके लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं राष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी रह चुके हैं, इसलिए खेलों के माध्यम से अनुशासन एवं संयम के महत्व से भली-भांति परिचित हैं। साथ ही, उन्होंने सफल आयोजन के लिए सशस्त्र सीमा बल के अधिकारियों एवं कर्मियों की प्रशंसा की।
समापन अवसर पर प्रतियोगिता के औपचारिक समापन की घोषणा के साथ अखिल भारतीय पुलिस हैंडबॉल प्रतियोगिता के ध्वज का विधिवत अवतरण किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में बिहू नृत्य एवं बैंड प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।



