District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : अवैध बालू खनन करते दो ट्रैक्टर जब्त, पुलिस को सौंपे

किशनगंज, 24 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिला प्रशासन के निर्देश पर खनन विभाग ने अवैध खनन एवं बालू के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर खान निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में सोमवार को खनन विभाग की टीम ने छापेमारी कर चुचुआबाड़ी थाना क्षेत्र के गोरीहाट के पास से अवैध बालू खनन में लगे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया।

खनन विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि गोरीहाट के समीप बालू का अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। टीम को देखते ही अवैध खनन में जुटे लोगों में अफरातफरी मच गई। कार्रवाई के दौरान दो ट्रैक्टरों को मौके से पकड़ लिया गया। हालांकि, कार्रवाई के दौरान खनन में संलिप्त लोग मौके से फरार होने में सफल रहे।

दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर आवश्यक कार्रवाई के लिए चुचुआबाड़ी थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है। खनन विभाग द्वारा जब्त वाहनों के स्वामित्व एवं अवैध खनन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच के बाद संबंधित वाहन मालिकों एवं अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खनन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नदियों एवं अन्य संभावित क्षेत्रों में अवैध खनन की सूचना मिलने पर छापेमारी की जा रही है।विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध अनुमति या आवश्यक दस्तावेज के बालू का खनन एवं परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान से अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। खान निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button