कोचिंग के सपनों से देह व्यापार के अंधेरों तक: किशनगंज में नाबालिग की दर्दनाक दास्तान

किशनगंज,22नवंबर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। बहादुरगंज के प्रेम नगर क्षेत्र से जान बचाकर भागी एक नाबालिग छात्रा जब स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस तक पहुंची तो उसकी आपबीती सुनकर सभी स्तब्ध रह गए।
यह लड़की मध्य प्रदेश के एक गरीब परिवार से ताल्लुक रखती है। पढ़ाई में तेज और कुछ कर गुजरने का सपना लिए वह परिवार के दबाव और आर्थिक तंगी के बीच अपना रास्ता खुद बनाना चाहती थी। इसी दौरान उसे पटना के प्रसिद्ध शिक्षक ‘खान सर’ के बारे में पता चला, जिन्होंने उसे मुफ्त में पढ़ाने की सहमति तो दी, मगर रहने का खर्च उठाने के लिए पार्ट-टाइम काम खोजने की सलाह दी।
नौकरी की तलाश बनी जाल
पटना पहुंची छात्रा ने नौकरी की तलाश शुरू की, लेकिन इसी दौरान कुछ दलालों के संपर्क में आने से उसकी जिंदगी खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई। ‘मदद’ के नाम पर उसे बहलाया-फुसलाया गया और फिर किशनगंज ले जाकर बिसनपुर रेड लाइट एरिया में बेच दिया गया। वहां से उसे बार-बार प्रेम नगर ले जाया जाता, जहां उसे अवैध धंधे में धकेलने की कोशिश होती रही।
हिम्मत ने बचाई जान
कई दिनों तक शोषण और दहशत झेलने के बाद लड़की ने हिम्मत जुटाई। मौका मिलते ही वह वहां से भाग निकली और स्थानीय लोगों से मदद मांगी। बहादुरगंज नगर पंचायत चेयरमैन के पति ने तुरंत कदम उठाते हुए उसे सुरक्षित पुलिस तक पहुंचाया।
पुलिस को बयान देते समय लड़की फूट-फूटकर रोने लगी। उसकी दास्तान सुनकर मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इस काले व्यापार से जुड़े दलालों तथा गिरोह के सदस्यों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
पुलिस ने लड़की के परिजनों को सूचित कर दिया है। परिवारजन किशनगंज पहुंचने के लिए रवाना हो चुके हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने दोषियों पर तुरंत और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

