किशनगंज : नेपाल में भूस्खलन से किशनगंज के चार युवकों की दर्दनाक हुई मौत।

किशनगंज, 06 मई (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, नेपाल में अचानक पहाड़ खिसकने की घटना घटी और किशनगंज के चार युवक इस हादसे में शिकार बन गए। चारो युवक मजदूरी के लिए किशनगंज से नेपाल गए थे। लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने चारों की जान ले ली। नेपाल प्रशासन अब शवों को मलवे से निकालने के प्रयास में लगा है। वहीं हादसे की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मचा है। इससे पूरा जिला सहम गया है। जानकारी के अनुसार, भारत के पड़ोसी देश नेपाल के पहाड़ी क्षेत्र फिकल में भूस्खलन से किशनगंज में मातम पसर गया है। इस हादसे में जिले के दिघलबैंक थाना क्षेत्र के बैरबन्ना निवासी चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। वहीं, मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। मृत युवकों की पहचान मो० अब्दुल, मो० तौसीफ, मो० मुजफ्फर और मो० अजीमुद्दीन (चारो की उम्र 18 से 20) चारों दिघलबैंक के बैरबन्ना ग्राम निवासी के रूप में हुई है। ये चारों नेपाल में मजदूरी करने के लिए गए हुए थे। वे चारों नेपाल में ही अपना और अपने परिवार का मजदूरी कर भरण-पोषण करते थे। इस दर्दनाक हादसे की खबर सुनते ही चारों के परिवार के साथ-साथ बैरबन्ना गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। दिघलबैंक थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि उक्त घटना की जानकारी परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई है। चारों युवकों का शव का पोस्मार्टम नेपाल पुलिस के द्वारा नेपाल में ही होगा। चारों के शव के भारत आने के बाद ही कोई आधिकारिक पुष्टि की जा सकती है। फिलहाल किशनगंज पुलिस परिजनों से बातचीत कर रही है।