प्रमुख खबरें

*पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय जहानाबाद में स्थापना दिवस समारोह का हुआ आयोजन

सुमित रंजन पाण्डेय/पटना /जहानाबाद*- जहानाबाद के ऐनवां स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में केन्द्रीय विद्यालय संगठन का 63 वॉ स्थापना दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अत्यंत उत्साह गरिमा एवं सांस्कृतिक समरसता के वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना तथा राष्ट्रीय एकता एवं सांस्कृतिक विविधता के मूल्यों को सुदृढ़ करना था। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय जहानाबाद के प्राचार्य श्री रविंद्र राम के द्वारा कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। जिसमें डॉक्टर प्रज्ञा कुमारी एवं अखिलेश गुप्ता सहित सभी शिक्षक उपस्थित रहें। प्राचार्य रविंद्र राम ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन परिश्रम एवं सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। सांस्कृतिक सत्र अत्यंत आकर्षक रहा जिसमें विद्यार्थियों ने ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करते हुए गुजराती, पंजाबी, मराठी एवं हरियाणवी लोकगीतों एवं नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी। इन प्रस्तुतियों ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं विविधता में एकता के सुंदर रूप को प्रदर्शित किया। मानसिक स्वास्थ्य पर आधारित नुक्कड़ नाटक भी एक महत्वपूर्ण भाग था। जिसने तनाव एवं भावनात्मक संतुलन पर प्रभावशाली संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सह शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले‌ प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों को पुरुस्कार वितरण कर सम्मानित किया गया। प्राचार्य ने विद्यार्थियो को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय संगठन के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन देशभर में विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता,विविधता में एकता तथा राष्ट्र की अखंडता की भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सामूहिक केंद्रीय विद्यालय गीत गायन ने विद्यालय परिवार के प्रति गर्व एवं एकता की भावना को प्रबल किया। कार्यक्रम का समापन प्रेरणादायक वातावरण में हुआ, जिसने सांस्कृतिक समरसता और समग्र शिक्षा के मूल्यों को मजबूत किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!