किशनगंज : अंबडेकर टाउन हॉल में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिलास्तरीय समारोह में नारी सशक्तिकरण पर हुई प्रस्तुति, उत्कृष्ट कार्य के लिए महिलाओं को किया गया सम्मानित।

एक स्थाई कल के लिए लैंगिक समानता की थीम पर हुई प्रस्तुति।
किशनगंज/धर्मेन्द्र सिंह, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर स्थानीय अंबेडकर नगर भवन (टाउन हॉल) में जिला स्तरीय समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।साथ ही, अपने कर्तव्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु महिलाओं को सम्मानित कर नारी सशक्तिकरण पर संदेश देने हेतु कार्यक्रम में विभिन्न प्रस्तुति दी गई।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डीएम डॉ आदित्य प्रकाश तथा अन्य अतिथियों का स्वागत गान के द्वारा स्वागत किया गया। स्वागत गान का गायन बालिका उच्च विद्यालय की बालिकाओं के द्वारा किया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि DM डॉ आदित्य प्रकाश ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। सभी अतिथियों ने अपने संबोधन में नारी शक्ति और लैंगिक समानता को इंगित किया। डीडीसी, श्री मनन राम ने ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य क्षेत्र में महिलाओं की आत्मनिर्भरता को बताते हुए महिला दिवस की शुभकामनाएं दी।
अपर समाहर्त्ता, श्री ब्रजेश कुमार ने अपने संबोधन में इस वर्ष की थीम जेंडर इक्वालिटी टुडे फॉर ए सस्टेनेबल टूमोरो पर विचार प्रकट किए। साथ ही, संयुक्त राष्ट्र द्वारा महिला दिवस पर निर्धारित तीन रंग पर्पल, हरा और सफेद के महत्व को बताया। नारी शक्ति और महत्व पर प्रकाश डाला।
पुलिस अधीक्षक, डॉ इनामुल हक मेंगनु ने अपने संबोधन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज नारी शक्ति स्वयं के साथ हमारी सुरक्षा भी दे रही हैं। पुलिस बल में महिला प्रतिनिधित्व को बतलाते हुए महिला के आत्मनिर्भरता पर बल दिया।
डीएम डॉ आदित्य प्रकाश ने नारीत्व के उत्सव की याद दिलाता अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दुनिया महिला के बिना नहीं चल सकती है। महिलाओं के महत्व को बताते हुए कहा कि एक महिला अपने कार्य को बिना निम्न व उच्च समझे बखूबी निभाती है, चाहे वो घरेलू कार्य, मातृत्व कार्य से लेकर कोई भी अन्य कार्य हो। उन्होंने पिछले कोविड महामारी में महिलाकर्मियों अर्थात एएनएम, आशा कार्यकर्ता के कार्यों की सराहना की तथा पुनः वैक्सिनेशन कार्य में उनके योगदान को रेखांकित किया।
महिला आत्म निर्भरता पर अपनी बात रखते हुए सरकार प्रायोजित विभिन्न योजनाओं को गिनाया और इसका लाभ लेने हेतु कहा। जिला के अनुभव को साझा कर पिछले सभी निर्वाचन में महिलाओं के बढ़ चढ़ कर भागीदारी, सामाजिक आर्थिक क्षेत्र में कार्य, लैंगिक समानता पर विचार प्रकट किए तथा बताया कि किशनगंज जिले में जेंडर इक्वालिटी पर लोगो को जागरूक होकर कार्य करना होगा। किसी क्षेत्र में प्रशासन वहा की जनता का प्रतिबिंब होता है। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में जिलांतर्गत महिलाओं के उत्थान, महिला विशेष के उत्कृष्ट कार्य को विस्तृत रूप से बताया। उल्लेखनीय है कि कला, संस्कृति एवम युवा विभाग (सांस्कृतिक कार्य निदेशालय) बिहार, पटना से प्राप्त निदेशालोक में एक दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर किशनगंज जिला प्रशासन के द्वारा किया गया था। इस कार्यक्रम में नारी सशक्तिकरण हेतु एक स्थाई कल के लिए लैंगिक समानता की थीम पर कार्यक्रम में विभिन्न प्रस्तुति हुई। जन शिक्षा साक्षरता के कला जत्था मंच द्वारा बिटिया बहादुर नाटक के माध्यम से बेटी के जन्म लेने, दहेज प्रथा, बाल विवाह और इन कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। इनकी भावुक प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों का मनमोह लिया। इसके अतिरिक्त आईसीडीएस, शिक्षा विभाग के कर्मियों द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के द्वारा नारी के अबला से सबला बनने को ओर आकर्षित किया गया। जिला कला एवम संस्कृति पदाधिकारी रणजीत कुमार ने बताया कि टाउन हॉल आयोजित कार्यक्रम में जिले से आधिकाधिक महिलाओं की सहभागिता रही। जिलाधिकारी के द्वारा समारोह में आईसीडीएस से प्रत्येक प्रखंड के 5 उत्कृष्ट कर्मी को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो तथा ₹ 50000/- का डमी चेक उनको टीम को प्रदान किया गया। इसी प्रकार, पिछले दिनों माननीय मुख्यमंत्री की समाज सुधार यात्रा के दौरान प्रस्तुति देने वाली दो जीविका दीदी को सम्मानित किया गया। साथ ही, सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा अंतर्जातीय विवाह, नि:शक्त जन विवाह के लाभार्थियों के एक लाख की सावधि जमा का डमी प्रमाण पत्र उपलब्ध करवाया गया। शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु बालिका उच्च विद्यालय और महिला कॉलेज को प्राचार्या को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में डीपीआरओ रंजीत कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह में जिला प्रशासन के समस्त पदाधिकारी, सचिव इंडियन रेडक्रास, विभिन्न विभागीय कर्मियों, आम जन, सभी क्षेत्र की महिलाओं, मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।