District Adminstrationबिहारब्रेकिंग न्यूज़

विधानसभा चुनाव 2025: मतदाताओं को जागरूक करने हेतु अररिया में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित

अररिया,29जुलाई(के.स.)। आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 को ध्यान में रखते हुए मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) की प्रक्रिया से अवगत कराने के लिए जिले में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र (EVM Demonstration Center – EDC) की स्थापना की गई है। अररिया सदर एवं फारबिसगंज अनुमंडल में बनाए गए इन केंद्रों पर बैलट यूनिट (BU), कंट्रोल यूनिट (CU) और वीवीपैट उपलब्ध कराए गए हैं।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर स्थापित इन केंद्रों में प्रशिक्षित कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। यहां आने वाले मतदाता मॉक वोट डालकर ईवीएम और वीवीपैट से मतदान की पूरी प्रक्रिया को समझ सकते हैं। साथ ही चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर उनका विश्वास बढ़ाने के लिए ईवीएम से संबंधित भ्रांतियों और शंकाओं का समाधान भी किया जा रहा है।

इन प्रदर्शन केंद्रों में जानकारी स्थानीय भाषा में सरल तरीके से दी जाती है ताकि समाज के हर वर्ग तक यह संदेश पहुंच सके। मतदाताओं से फीडबैक लेकर साप्ताहिक प्रतिवेदन विभाग को भेजा जा रहा है।

जिला प्रशासन के अनुसार 15 जुलाई 2025 से शुरू हुए इन केंद्रों पर अब तक बड़ी संख्या में मतदाता और भावी मतदाता मतदान प्रक्रिया से अवगत हो चुके हैं। ये केंद्र चुनाव की आधिकारिक घोषणा और प्रेस नोट जारी होने तक कार्यरत रहेंगे।

प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों पर आकर मतदान प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करें और चुनाव में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

रिपोर्ट : धर्मेन्द्र सिंह/अब्दुल कय्यूम

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!