District Adminstrationअपराधकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : बहादुरगंज में 1.30 करोड़ की ड्रग्स बरामद, तस्कर गिरफ्तार

405 ग्राम हेरोइन व 183 ग्राम एमडीएमए के साथ देशी कट्टा, नकदी व छह मोबाइल जब्त

किशनगंज, 17 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में एएनटीएफ किशनगंज और बहादुरगंज थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बहादुरगंज थाना क्षेत्र के लोहागाड़ा हाट में छापेमारी कर एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 405 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन) और 183 ग्राम एमडीएमए, कुल 588 ग्राम अवैध मादक पदार्थ बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये आंका गया है।

पुलिस के अनुसार 16 सितंबर को एसपी संतोष कुमार को सूचना मिली थी कि लोहागाड़ा हाट निवासी बब्लु गिरी अपने घर में अवैध मादक पदार्थ रखकर तस्करी कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में एएनटीएफ और बहादुरगंज थाना पुलिस की टीम ने उसके घर पर विधिवत छापेमारी की। तलाशी के दौरान बब्लु गिरी को मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, 1.01 लाख रुपये नकद, छह मोबाइल फोन, छह एसबीआई डेबिट कार्ड, दो तलवार, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजु और तीन फोन-पे स्कैनर भी बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी द्वारा मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री करने की बात बताए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।इस संबंध में बहादुरगंज थाना कांड संख्या 597/26, दिनांक 16 सितंबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(c)/21(c)/22(c) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तथा मादक पदार्थों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी।गिरफ्तार बब्लु गिरी का पूर्व में बहादुरगंज और दिघलबैंक थाने में तीन मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। कार्रवाई में एएनटीएफ प्रभारी राजू कुमार सहित एएनटीएफ, बहादुरगंज थाना और विशेष कार्य बल के पदाधिकारी व जवान शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने आम लोगों से मादक पदार्थों से संबंधित सूचना एएनटीएफ हेल्पलाइन 9031816150 पर देने की अपील की है।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button