किशनगंज : अगस्त तक सभी विद्यार्थियों का बने AAPAAR, स्कूलों में गुणवत्ता और निर्माण कार्यों पर डीएम सख्त

किशनगंज, 07 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय में शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले के सरकारी, निजी विद्यालयों और मदरसों में शिक्षा की गुणवत्ता, आधार आधारित AAPAAR आईडी, निर्माण कार्य, मध्याह्न भोजन एवं साफ-सफाई की व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
डीएम ने निर्देश दिया कि जिन छात्र-छात्राओं का आधार कार्ड बन चुका है, उनका AAPAAR आईडी हर हाल में अगस्त 2026 तक तैयार कराया जाए। साथ ही सभी निजी विद्यालयों और मदरसों की जांच कर यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी छात्र एक साथ सरकारी विद्यालय और निजी संस्थान में नामांकित न हो।
बैठक में बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम (BSEIDC) एवं स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन (LAEO) द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने निर्देश दिया कि फिनिशिंग स्तर पर पहुंच चुके सभी असैनिक कार्य अगस्त माह के भीतर पूरे किए जाएं। जिन एजेंसियों की कार्य प्रगति संतोषजनक नहीं है, उन्हें समय-सीमा तय कर कार्य पूरा कराने तथा लापरवाही बरतने पर विभाग को कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन भेजने का निर्देश दिया गया।
डीएम ने जिले के सभी सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) एवं पीएम श्री विद्यालयों में पठन-पाठन और छात्रों के शैक्षणिक मूल्यांकन की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को दिया।
उन्होंने विद्यालयों में अधिकृत एजेंसी के माध्यम से नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा लापरवाही मिलने पर भुगतान से राशि काटने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा सभी सरकारी विद्यालयों एवं मदरसों में गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने और इसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, बीएसईआईडीसी एवं एलएईओ के सहायक अभियंताओं सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



