महाशिवरात्रि पर्व को लेकर विधि व्यस्था की देखरेख के लिये डीएम व एसपी ने जारी किया संयुक्त आदेश।…
अररिया एवं फारबिसगंज अनुमंडल मिलाकर कुल 68 स्थलों पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस पदाधिकारी की गयी प्रतिनियुक्ति

अब्दुल कैय्युम/महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर जिला पदाधिकारी अनिल कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार द्वारा संयुक्त आदेश जारी कर अररिया एवं फारबिसगंज अनुमंडल मिलाकर कुल 68 स्थलों पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके साथ ही सभी थाना क्षेत्रों में गश्ती दल की भी प्रतिनियुक्ति अलग से की गई है।
महाशिवरात्रि पर्व पर प्रतिनियुक्ति सभी संबंधित दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को एहतियातन सभी सतर्कता मूलक आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है ताकि असामाजिक, शरारती एवं उपद्रवी तत्वों द्वारा पर्व के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने के प्रयास को ससमय तथा प्रभावकारी ढंग से विफल किया जा सके।
दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल की प्रतिनियुक्ति दिनांक 26.02.2025 से 27.02.2025 तक के लिए की गई है।प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल दिनांक 25.02.2025 के अपराह्न में अपना-अपना स्थान ग्रहण कर लेंगे और अपने गंतव्य स्थान पर पहुँचने की सूचना संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी/थानाध्यक्ष को देंगे। वे लोग अपना स्थान तब छोड़ेंगे, यदि उनके क्षेत्र में सर्वथा शांति बनी रही हो और पर्व शांतिपूर्वक सम्पन्न हो गया हो।
पर्व के अवसर पर जिला अग्निशाम पदाधिकारी, अररिया अग्निशाम दस्ता को तैयार एवं मुस्तैद हालत में रखेने का निर्देश दिया गया है। जिला नियंत्रण कक्ष पूर्व से अररिया समाहरणालय अवस्थित आपदा कार्यालय में कार्यरत हैं, जिसका दूरभाष सं० 06453-222309 है। नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में अपर समाहर्ता, अररिया एवं प्रभारी पदाधिकारी के रूप में श्री आकिफ वक्कास, जिला नियोजन पदाधिकारी, अररिया, रहेंगे। इसके अलावा अनुमंडल नियंत्रण कक्ष, अररिया- 06453-222070 एवं अनुमंडल नियंत्रण कक्ष, फारबिसगंज- 06455-295202 पर कार्यरत रहेगा। पर्व के दौरान जिला के सभी अस्पताल यथा-सदर अस्पताल, रेफरल अस्पताल एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में विशेष आकस्मिक दवाओं की सुविधा सिविल सर्जन, अररिया को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
सभी प्रखंड के वरीय उप समाहर्ता अपने प्रखंड क्षेत्र में लगातार सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी/पुलिस पदाधिकारी/प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचल अधिकारी/थानाध्यक्ष से समन्वय बनाये रखेंगे तथा क्षेत्र भ्रमणकर विधि-व्यवस्था बनाये रखना सुनिश्चित करेंगे। सम्पूर्ण जिला के विधि व्यवस्था के वरीय प्रभार में श्री राज मोहने झा, अपर समाहर्ता, अररिया रहेंगे। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संबंधित अनुमंडल क्षेत्र के विधि व्यवस्था के प्रभार में रहेंगे।