किशनगंज : बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा को लेकर टेढ़ागाछ पहुंचे जिलाधिकारी विशाल राज, कटाव स्थलों का लिया जायजा
प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्रता से कार्य शुरू करने का निर्देश, गोदाम और राहत व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण

किशनगंज,22मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी विशाल राज ने गुरुवार को बाढ़ पूर्व तैयारियों की व्यापक समीक्षा करते हुए अंचल टेढ़ागाछ क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ संभावित और कटाव प्रभावित स्थलों का स्थलीय अवलोकन कर प्रशासनिक तैयारियों की वस्तुस्थिति जानी।
निरीक्षण के क्रम में सुहियां हाट (चिल्हनियां), धापरटोला और देवरी खास जैसे महत्वपूर्ण कटाव स्थलों का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण विभाग के कार्यपालक अभियंता को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जहां-जहां कटावरोधी कार्य शेष हैं, उन्हें प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से उन स्थलों पर स्थायी और प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने को कहा, जहां कटाव की प्रवृत्ति अधिक देखी जा रही है।
जिलाधिकारी ने अंचल कार्यालय स्थित सरकारी गोदाम का भी निरीक्षण किया, जहां रखी गई राहत सामग्रियों की मात्रा, गुणवत्ता, स्वच्छता और प्रबंधन की गहन समीक्षा की गई। उन्होंने अंचलाधिकारी को तत्काल बाढ़ पूर्व तैयारियों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने और सभी जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिल्हनियां पंचायत स्थित बाढ़ आश्रय स्थल का भी दौरा किया। उन्होंने आश्रय स्थल की साफ-सफाई, मूलभूत सुविधाएं और संरचनात्मक मजबूती का जायजा लिया और आवश्यक सुधार कार्यों को तत्काल आरंभ करने के निर्देश दिए।
प्रखंड स्तरीय तैयारी बैठक के आयोजन को लेकर भी जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों, पंचायत प्रतिनिधियों और आपदा प्रबंधन से जुड़े पदाधिकारियों के साथ एक समन्वित बैठक आयोजित की जाए, ताकि आपसी तालमेल से एक प्रभावी कार्य योजना तैयार की जा सके।
उन्होंने अंत में बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण विभाग को निर्देशित किया कि जहां कहीं भी कटावरोधी कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाए हैं या नई समस्याएं उभर रही हैं, वहां तत्काल कार्य योजना बनाकर कार्रवाई शुरू की जाए।
इस निरीक्षण कार्यक्रम में आपदा प्रबंधन पदाधिकारी आदित्य कुमार, अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य तकनीकी व प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद थे।
जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा, “बाढ़ प्राकृतिक आपदा है, परंतु सजगता, समन्वय और समयबद्ध तैयारी से इससे होने वाली क्षति को काफी हद तक रोका जा सकता है।” उन्होंने सभी अधिकारियों से पूर्ण निष्ठा और तत्परता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।