ताजा खबर

मन न होते हुए भी पापा के कहने पर तीरंदाजी शुरू करने वाली महाराष्ट्र की वैदेही ने अपने पहले ही इवेंट में पदक पर लगाया निशाना

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में महाराष्ट्र की तीरंदाज वैदेही हीराचंद्र जाधव ने अपने पहले ही प्रतियोगिता में पदक पर निशाना साध दिया। महाराष्ट्र की 13 सदस्यीय तीरंदाजी टीम का हिस्सा रहीं वैदेही ने भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में लड़कियों के कंपाउंड क्वालीफाइंग दौर 692 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।

14 साल की वैदेही ने फिर कंपाउंड बालिका वर्ग के अपने कांस्य पदक मैच में तमिलनाडु की मधुवर्षिणी को मात देकर कांस्य पदक अपने ना किया। वैदेही की ये सफलता इसलिए भी ज्यादा मायने रखती है क्योंकि ये उनका अब तक का पहला टूर्नामेंट था और वो बेहद कम समय में पदक जीतने में सफल रही हैं।

वैदेही ने कांस्य पदक जीतने के बाद साई मीडिया से कहा, ” मैंने बस 2023 से ही तीरंदाजी शुरू की है। यहां मैं अपने प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं हूं। मैं अभी 14 साल की हूं और मेरा अगला लक्ष्य अब अगले खेलों इंडिया में इससे भी बेहतर प्रदर्शन करना है और वहां पर स्वर्ण पदक जीतना है।”

10वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहीं वैदेही का मन तीरंदाजी में आने का बिल्कुल भी नहीं था। लेकिन अपने पापा के कहने और उनका सपना पूरा करने के लिए वो इसमें उतरीं। लेकिन पदक जीतने के बाद अब वो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने परिवार और देश का नाम रौशन करना चाहती हैं।

उन्होंने कहा, ” मेरी छोटी बहन भी तीरंदाजी करती है। लेकिन मुझे तीरंदाजी पसंद नहीं थी और पापा के कहने पर इसमें खेलने लगी। यह मेरा पहला खेलो इंडिया गेम्स है और अब जब मैं इसमें पदक जीत गई हूं तो अब मैं इसमें और अच्छा करना चाहती हूं। पदक जीतने से मेरा आत्मविश्वास और ज्यादा बढ़ गया है।”

कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी ने कहा, ” शुरुआत में मुझे खेलों में बिल्कुल भी रुचि नहीं थी कि लेकिन पापा के सपना को पूरा करने के लिए मैंने इसकी शुरुआत की। तीरंदाजी शुरू किए मुझे ज्यादा समय नहीं हुआ है और ऐसे में पदक जीतने के बाद मुझे लगने लगा है कि मैं इसमें और ज्यादा बेहतर कर सकती हूं।”

वैदेही फिलहाल 10वीं कक्षा में पढ़ती है और वो पढ़ाई के साथ साथ अपने खेल के लिए भी समय निकाल लेती हैं।

अपने अगले लक्ष्य के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ” अब मेरा अगला लक्ष्य वर्ल्ड यूथ चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतना है। मैं अब इसमें और कड़ी मेहनत करूंगी और स्वर्ण पदक जीतने पर अपना सारा ध्यान लगाउंगी। इसके लिए मुझे ट्रायल्स में हिस्सा लेना है।”

For More on Khelo India Youth Games, click: https://youth.kheloindia.gov.in/
For Medal Tally of KIYG 2025, click: https://youth.kheloindia.gov.in/medal-tally

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के बारे में –

खेलो इंडिया यूथ गेम्स, खेलो इंडिया प्रोग्राम का हिस्सा हैं, जिसे 14 अक्टूबर, 2017 को लॉन्च किया गया था। खेलो इंडिया का उद्देश्य खेलों में व्यापक भागीदारी और उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के दोहरे उद्देश्य को प्राप्त करना है। इस प्रोग्राम ने भारत की खेल सफलता में बहुत योगदान दिया है, जिसमें कई खेलो इंडिया एथलीट ओलंपिक और एशियाई खेलों सहित वैश्विक आयोजनों में देश का प्रतिनिधित्व करते हैं। बिहार 4-15 मई तक राज्य के पांच अलग-अलग शहरों और दिल्ली में खेलो इंडिया यूथ गेम्स के सातवें संस्करण की मेजबानी कर रहा है। केआईवाईजी 2025 में 27 खेल शामिल हैं और पहली बार ईस्पोर्ट्स को एक डेमो गेम के रूप में शामिल किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button