किशनगंज में अलविदा जुम्मा की नमाज़ अदा, मस्जिदों में उमड़ी नमाज़ियों की भीड़
किशनगंज,13मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, पवित्र रमज़ान माह के अंतिम शुक्रवार को जिलेभर में अलविदा जुम्मा की नमाज़ अकीदत और श्रद्धा के साथ अदा की गई। इस अवसर पर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक की मस्जिदों में नमाज़ियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही लोग नए वस्त्र पहनकर मस्जिदों की ओर जाते दिखाई दिए, जिससे पूरे क्षेत्र में इबादत का माहौल बना रहा।
शहर की जामा मस्जिद, बड़ी मस्जिद, चूड़ी पट्टी मस्जिद और पश्चिमपाली मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों में नमाज़ियों की लंबी कतारें देखी गईं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए कई मस्जिदों में नमाज़ियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।
अलविदा जुम्मा की नमाज़ के दौरान इमामों ने रमज़ान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इंसानियत, भाईचारे और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। नमाज़ के बाद लोगों ने देश और दुनिया में शांति, भाईचारे और तरक्की के लिए विशेष दुआएं मांगीं। साथ ही समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील भी की गई। नमाज़ के उपरांत लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर अलविदा जुम्मा की मुबारकबाद दी और रमज़ान के बचे हुए दिनों में अधिक से अधिक इबादत करने का संकल्प लिया।
अलविदा जुम्मा के अवसर पर शहर के बाजारों में भी विशेष रौनक देखने को मिली। नमाज़ के बाद बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए बाजारों में पहुंचे। कपड़ों, इत्र, टोपी और सेवइयों की दुकानों पर अच्छी भीड़ देखी गई।रमज़ान के अंतिम दिनों में ईद की तैयारियों को लेकर बाजारों में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
अलविदा जुम्मा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस भी पूरी तरह सतर्क रही। संवेदनशील स्थानों पर शांतिपूर्ण नमाज़ सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी विभिन्न इलाकों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


