स्वच्छता ही सेवा अभियान: किशनगंज में एक दिन, एक घंटा, एक साथ हुआ विशेष श्रमदान
जिलाधिकारी की अगुवाई में बेलवा बाज़ार की सफाई, पदयात्रा और वृक्षारोपण के जरिए दिया स्वच्छता का संदेश

किशनगंज,25सितंबर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, स्वच्छ भारत मिशन एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत आज जिलेभर में “स्वच्छता ही सेवा” कार्यक्रम का विशेष आयोजन किया गया।
“एक दिन, एक घंटा, एक साथ” थीम पर आधारित इस विशेष श्रमदान कार्यक्रम में जिले के सभी प्रखंडों, ग्राम पंचायतों, कार्यालयों और विद्यालयों में व्यापक भागीदारी देखी गई।सुबह 8 बजे से शुरू हुए इस अभियान में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अन्य विभागीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विद्यालय के शिक्षक-छात्र, स्वयंसेवी संगठन, और आम नागरिकों ने मिलकर सामूहिक रूप से सार्वजनिक स्थानों की सफाई की।
बेलवा पंचायत में मुख्य आयोजन
कार्यक्रम का मुख्य आयोजन प्रखंड किशनगंज के ग्राम पंचायत बेलवा में हुआ, जहां जिलाधिकारी विशाल राज, उप विकास आयुक्त, अन्य वरीय पदाधिकारी एवं सैकड़ों स्थानीय नागरिकों ने बेलवा बाज़ार क्षेत्र में श्रमदान कर सफाई की मिसाल पेश की।
इसके उपरांत उच्च माध्यमिक विद्यालय बेलवा में जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया और सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
पदयात्रा और वृक्षारोपण
शपथ ग्रहण के बाद स्वच्छता जागरूकता पदयात्रा का आयोजन किया गया जो विद्यालय से खेल मैदान तक निकाली गई। इसमें जिलाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।
खेल मैदान में सभी ने मिलकर वृक्षारोपण किया, जिससे स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रसारित किया गया।
व्यापक भागीदारी
इस अभियान में DRDA निदेशक, जिला समन्वयक, जिला सलाहकार, प्रखंड समन्वयक, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में नागरिकों की भागीदारी रही।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता सिर्फ एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि जन आंदोलन है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी से ही स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बिहार का निर्माण संभव है।