
सागर कुमार विशेष संवाददाता
कार्यकत्ताओं के दरबार में माननीय मंत्री
प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को कार्यकत्ताओं के दरबार कार्यक्रम में माननीय परिवहन मंत्री श्रीमती शीला मंडल जी हुयीं सम्मिलित
महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी देवता समान हैं: शीला मंडल
09 फरवरी 2023, पटना।
सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने एवं जनसमस्याओं के समाधान हेतु माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के निर्देश पर जदयू के प्रदेश कार्यालय में होने वाले ‘‘कार्यकर्ताओं के दरबार में माननीय मंत्री’’ कार्यक्रम में गुरुवार को माननीय परिवहन मंत्री श्रीमती शीला मंडल सम्मिलित हुयीं। इन्होंने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं को सुन उनका समाधान किया और सम्बन्धित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव श्री अरुण कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
कार्यकत्ताओं के दरबार में माननीय मंत्री कार्यक्रम के बाद विपक्ष द्वारा मुख्यमंत्री की समाधान यात्रा पर दिए जा रहे बयान संबंधी सवाल का जवाब देते हुए परिवहन मंत्री श्रीमती शीला मंडल ने कहा कि विपक्ष हर बात पर सवाल उठाएगा ही। भाजपा के लोग सिर्फ जनता को ठगने का काम कर रहे हैं और पूरे देश में सांप्रदायिक व जातीय तनाव फैलाने का एजेंडा चला रहे हैं। भाजपा ऐन केन प्रकारेण सत्ता में आने के लिए बेचैन और परेशान है। उनके इस प्रयत्न में जो बाधा और व्यवधान बन खड़े है। उनका कोई भी काम उन्हें अच्छा कैसे लगेगा। दूसरी ओर हमारे नेता माननीय मुख्यमंत्री जी का विश्वास जनता के लिए काम करने पर रहता है, वो जनता की समस्याओं के समाधान हेतु लगातार तत्पर रहते हैं।
मंत्री शीला मंडल ने कहा कि हमारे नेता किसी के साथ भेदभाव नहीं करते। उनके द्वारा चलाई गयी अनगिनत योजनाएं पूरे देश में एक मिसाल बन चुकी हैं, जिनका अनुसरण केंद्र व अन्य राज्य की सरकारें भी करती हैं। बिहार में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं के फलस्वरूप आज प्रदेश की महिलायें उन्हें देवता मानने लगी हैं। बच्चियों में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए किये गये प्रयास का परिणाम सबके सामने है। महिलाओं को नौकरी में, पंचायती राज एवं नगर निकायों में आरक्षण देकर उनके सपनों को पंख देने का काम किया है। शराबबंदी एवं स्वयं सहायता समूह से उनके जीवन गुणात्मक परिवर्तन आया है।
परिवहन मंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि सभी को अपने ढ़ंग से बोलने की आजादी है पर जदयू एक अनुशाषित पार्टी है। हमारे नेता माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार, राष्ट्रीय एवं प्रदेश अध्यक्ष का जो निर्णय होता है। हम सभी उसके आधार पर काम करते हैं। कौन क्या बोल रहा इससे हमलोगों को कोई लेना देना नहीं होता। उपेन्द्र कुशवाहा द्वारा दिए जा रहे बयान संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश अध्यक्ष ही पार्टी की बातों को रखने हेतु अधिकृत हैं। हमलोग मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन और निर्देश पर जनता के लिए काम करने और उनकी समस्याओं के समाधान में लगे हैं।


