किशनगंजताजा खबरबिहारब्रेकिंग न्यूज़राज्य

किशनगंज : खगड़ा मेला ग्राउंड में 18-19 करोड़ की लागत से बनेगा सेंट्रल एसी ऑडिटोरियम

किशनगंज, 06 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलेवासियों को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से लैस एक बड़ा सभागार मिलने की उम्मीद है। शहर के खगड़ा मेला ग्राउंड में करीब 18 से 19 करोड़ रुपये की लागत से सेंट्रल एसी ऑडिटोरियम का निर्माण कराया जाएगा। प्रस्तावित ऑडिटोरियम में एक साथ 600 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसके निर्माण से जिले में बड़े सांस्कृतिक, सामाजिक, शैक्षणिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए आधुनिक सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऑडिटोरियम के निर्माण की जिम्मेदारी कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की ओर से देखी जा रही है। विभाग की ओर से इसकी योजना तैयार की जा रही है। आवश्यक सरकारी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि वर्तमान में किशनगंज में बड़े कार्यक्रमों के आयोजन के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त पर्याप्त क्षमता वाला सभागार उपलब्ध नहीं है। इसके कारण सांस्कृतिक कार्यक्रम, सेमिनार, सम्मेलन, सरकारी समारोह और सामाजिक आयोजनों के लिए आयोजकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नए ऑडिटोरियम के निर्माण के बाद ऐसी समस्याओं से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है।

प्रस्तावित भवन में आधुनिक तकनीक और सुविधाओं का समावेश किया जाएगा। इसमें बड़ा मंच, बेहतर साउंड सिस्टम, आधुनिक लाइटिंग, सेंट्रल एसी व्यवस्था और दर्शकों के लिए आरामदायक सीटिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इससे राज्य और राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों के आयोजन का रास्ता भी साफ होगा।

ऑडिटोरियम के निर्माण को जिले की सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय कलाकारों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों को भी कार्यक्रमों के लिए बेहतर मंच उपलब्ध हो सकेगा।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button