District Adminstrationकिशनगंजठाकुरगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : अवैध बालू परिवहन पर शिकंजा, पांच ट्रैक्टर जब्त

किशनगंज, 22 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह/फ़रीद अहमद, जिले में अवैध खनन एवं बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर खनन विभाग की टीम ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध बालू लदे पांच ट्रैक्टर जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर पर 1.06 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान चिचुआबारी पिकेट अंतर्गत कटकुवां में छापेमारी की गई। यहां अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर पकड़ा गया। ट्रैक्टर को जब्त कर संबंधित थाना को सुपुर्द कर दिया गया। वाहन मालिक पर 1.06 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।वहीं, अर्राबाड़ी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात कार्रवाई करते हुए अवैध बालू का परिवहन कर रहे दो डबल डाला ट्रैक्टर पकड़े गए। दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। मामले में दंड अधिरोपित करते हुए प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।इधर, मंगलवार सुबह गलगलिया थाना क्षेत्र में भी खनन विभाग की टीम ने छापेमारी की। इस दौरान अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त किए गए। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध खनन एवं बालू परिवहन में लगे लोगों में हड़कंप है।पूरी कार्रवाई खान निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में की गई। खान निरीक्षक ने बताया कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अवैध बालू का खनन या परिवहन करते पकड़े जाने पर संबंधित वाहनों को जब्त करने के साथ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य जिले में अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाना है।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button