ताजा खबर

*राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 पर बिहार का गौरव बढ़ा, उत्कृष्ट कार्यों के लिए अधिकारियों, जिलों और मीडिया टीम को राष्ट्रीय सम्मान*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद।राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित समारोह में भारत निर्वाचन आयोग ने निर्वाचन प्रबंधन, नवाचार और मतदाता जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बिहार को विशेष सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों, पांच जिलों तथा CEO कार्यालय की सोशल मीडिया टीम को विभिन्न राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
विशेष श्रेणी में बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री विनोद सिंह गुंजियाल (IAS), अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सह राज्य पुलिस नोडल अधिकारी श्री कुंदन कृष्णन (IPS) तथा आर्थिक अपराध इकाई के पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं निर्वाचन नोडल अधिकारी श्री मानवजीत ढिल्लों (IPS) को प्रभावी नेतृत्व, बेहतर समन्वय और शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संचालन के लिए सम्मान मिला।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल के दूरदर्शी एवं कुशल नेतृत्व में बिहार ने पारदर्शी, नवाचारी और सहभागी निर्वाचन प्रबंधन सुनिश्चित करते हुए मतदाता जागरूकता, तकनीकी सुधार तथा सुचारु चुनाव संचालन में राष्ट्रीय स्तर पर मिसाल स्थापित की।
जिला स्तर पर पूर्वी चंपारण, पूर्णिया, पटना, समस्तीपुर और मधुबनी ने निर्वाचन प्रबंधन, नवाचारों के प्रयोग और मतदाता सहभागिता बढ़ाने में उत्कृष्ट कार्य करते हुए ‘श्रेष्ठ निर्वाचन जिला पुरस्कार’ प्राप्त किया। इन जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों को सफल और सुव्यवस्थित चुनाव संचालन के लिए सराहा गया।
डिजिटल संचार के क्षेत्र में भी बिहार ने उल्लेखनीय पहचान बनाई। ‘बेस्ट सोशल मीडिया टीम पुरस्कार’ से CEO कार्यालय, बिहार की मीडिया टीम को सम्मानित किया गया। तत्कालीन सोशल मीडिया नोडल अधिकारी श्री कपिल शर्मा ने टीम की ओर से यह पुरस्कार प्राप्त किया। टीम ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान एवं विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के दौरान मतदाताओं तक सही, प्रामाणिक और समयबद्ध सूचनाएँ पहुँचाईं तथा सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों का त्वरित एवं तथ्यपरक खंडन सुनिश्चित किया।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मिला यह सम्मान बिहार की सुदृढ़ निर्वाचन व्यवस्था, पारदर्शी प्रबंधन और नवाचार आधारित संचार रणनीति की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति का प्रमाण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!