राजनीतिराज्य

*अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि पर बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अर्पित की श्रद्धांजलि*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न से सम्मानित श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी भारतीय राजनीति के युग पुरुष और सर्वप्रिय राजनेता थे। वे राजनीति में शुचिता, लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रभक्ति और मानवीय संवेदनाओं के अद्भुत समन्वय के प्रतीक थे। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में सिद्धांतों और राष्ट्रहित को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

डॉ. कुमार ने कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व दलगत सीमाओं से ऊपर था। उनके विचारों, ओजस्वी वक्तृत्व और सहज व्यवहार के कारण देश के हर वर्ग में उनके प्रति सम्मान और अपनापन था। वे एक कुशल प्रशासक, प्रखर वक्ता, संवेदनशील कवि और दूरदर्शी राष्ट्रनेता थे। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास, आधारभूत संरचना और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं।
उन्होंने कहा कि अटल जी ने लोकतंत्र को मजबूत करने के साथ-साथ भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया। पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी ऐतिहासिक पहलों ने राष्ट्र निर्माण में उनके दूरदर्शी नेतृत्व को सिद्ध किया।

उन्होंने कहा कि अटल जी का जीवन और उनके विचार आज भी करोड़ों देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। उनकी कविता, “हार नहीं मानूँगा, रार नई ठानूँगा”, उनके अदम्य साहस और संघर्षशील व्यक्तित्व का परिचायक है। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी भले ही आज हमारे बीच भौतिक रूप से उपस्थित नहीं हैं, लेकिन उनके आदर्श, विचार और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव हमारे मार्गदर्शक बने रहेंगे। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने कहा कि हम सभी को अटल जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए लोकतंत्र की मजबूती, सुशासन और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए। राष्ट्र उनके योगदान को सदैव कृतज्ञता और सम्मान के साथ स्मरण करता रहेगा।

 

Related Articles

Back to top button